Nagpur News: कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी, कहा उसे तो चला रही है टुकड़े-टुकड़े गैंग

  • सीजेआई चंद्रचूड के घर पर जाने के मामले को लेकर दागा सवाल
  • कांग्रेस को गणेश उत्सव से चिढ़ है क्या
  • विदर्भ के पिछड़ेपन के लिए भी कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-20 12:56 GMT

Nagpur News : रघुनाथसिंह लोधी। सामाजिक, आर्थिक और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को उछालते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने यह तक कह दिया कि कांग्रेस को तो टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सल से जुड़े लोग चला रहे हैं। सीजेआई चंद्रचूड के घर जाने पर उठे सवाल पर पलटवार करते हुए सवाल दागा-क्या कांग्रेस को गणेश उत्सव से चिढ़ है?विदर्भ के पिछड़ेपन और किसान आत्महत्या के लिए भी उन्होंने कांग्रेस को ही जिम्मेदार ठहराया। शुक्रवार को वर्धा में पीएम मित्र पार्क योजना सहित अन्य योजनाओं का उन्होंने भूमिपूजन व उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित प्रमुख नेता मंत्री मौजूद थे। राज्य में विधानसभा चुनाव के पहले प्रधानमंत्री मोदी का यह भाषण पूरी तरह से राजनीतिक माना गया। उन्होंने पूरा फोकस कांग्रेस पर रखा। गणेश उत्सव के समय प्रधानमंत्री मोदी , सीजेआई डीवाय चंद्रचूड के घर पर गए थे। उस भेंट को राजनीतिक ठहराया गया था। उस मामले का जिक्र करते हुए मोदी बोले-मैं गणेश उत्सव उत्सव में किसी के घर पर गया तो सवाल उठा दिए गए। अब कांग्रेस से मैं सवाल पूछता हूं-क्या कांग्रेस को गणेश उत्सव से चिढ़ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा-कांग्रेस पर तो तुष्टिकरण का भूत जागा है। भारतीय आस्था व संस्कृति होती तो कांग्रेस गणेश पूजा का विरोध नहीं करती। बाल गंगाधर तिलक ने गणेश उत्सव को भारतीय व एकता का उत्सव बनाया। कर्नाटक में गणपति की मूर्ति को पुलिस वाहन में रखा गया। उसपर देश भर में रोष है। कांग्रेस जवाब दें।

विदर्भ की उपेक्षा

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने विदर्भ की उपेक्षा की थी। कपास उत्पादकों को आधार नहीं दिया गया। किसान आत्महत्या पर विवश हुए। किसान के नाम पर केवल राजनीति की जाती रही। 2014 में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन की सरकार बनी तो अमरावती में टेक्सटाइल पार्क खुला। पहले वहां उद्योग नहीं था। विदर्भ में 10 हजार करोड का औद्योगिक निवेश हुआ है। कांग्रेस ने सिंचाई प्रकल्पों को रोक रखा था। केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार आने से विदर्भ की तस्वीर बदली है।

दलित विरोधी

कांग्रेस दलित, आदिवासी व ओबीसी की विरोधी है। उसने स्वतंत्रता के बाद इन वर्गों का विकास नहीं होने दिया। भाजपा ने केंद्र में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस की विचारधारा को समाप्त किया। महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं रह गई है। अब तो ऐसे नेता हो गए हैं जो विदेश में जाकर देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News