Nagpur News: पीएम मोदी से कांग्रेस ने पूछे 10 बड़े सवाल, किसान आत्महत्या रोकने कोई ठोस कदम नहीं

  • औद्योगिक क्षेत्र में असफल होने का आरोप
  • किसान आत्महत्या रोकने के लिए उपाय नहीं
  • मूलभूत सेवाओं के अभाव में मर रहे मरीज

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-20 11:27 GMT

Nagpur News : विदर्भ दौरे के तहत शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्धा जिले में पहुंचे। उन्होंने टेक्सटाइल पार्क सहित कई प्रकल्पों का भूमिपूजन किया। दावा किया गया कि नई योजनाओं से विदर्भ के पिछडे इलाकों में भी खुशहाली आएगी और रोजगार मिलेंगे। पिछड़े व वन क्षेत्र के गांवों का जुड़ाव विकास की धारा से होगा, लेकिन प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के दौरे को राजनीतिक ठहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कांग्रेस ने 10 सवाल पूछे हैं। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे ने पत्रकार वार्ता में कहा है कि विधानसभा चुनाव आते ही भाजपा लोगाें को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। विदर्भ में किसान आत्महत्या की रोकथाम के लिए कोई ठोस उपाय और योजना नहीं की गई है। औद्योगिक क्षेत्र में भी सरकार असफल है। इस दौरान अतुल कोटेचा, अभिजीत वंजारी, प्रशांत धवड सहित अन्य पदाधिकारी थे।

ये हैं सवाल

- औद्योगिक परिसर में वीरानी है। एमएसएमई का आधार नहीं है। विदर्भ से युवाओं को स्थानांतरित होना पड़ रहा है। बेरोजगारी की समस्या कब दूर होगी?

-उपराजधानी में बालिका पर अत्याचार प्रकरण में कब कार्रवाई होगी, लाडली बहनों का संरक्षण कैसे किया जा रहा है?

-विदर्भ में पिछले वर्ष 1,439 किसानों ने आत्महत्या की। अमरावती आत्महत्या का केंद्र बना है। इस मामले की क्यों अनदेखी की जा रही है?

-केंद्र सरकार कृषि विरोधी है। किसानों के लिए आयात निर्यात नियम व कृषि उपज के समर्थन मूल्य पर कब अमल होगा?

-महाराष्ट्र को अकालमुक्त करने की घोषणा का क्या हुआ। 45 सिंचाई प्रकल्प अधूरे हैं। किसानों को और कितना कष्ट सहना पड़ेगा?

-एंबुलेंस के अभाव में गड़चिरोली में मृत बालक को लेकर पालक को 15 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा, अमरावती में एंबुलेंस की प्रतीक्षा में गर्भवती की मृत्यु हुई। क्या यही सबका साथ, सबका विकास है?

-अकोला में 373 नागरिक क्षारयुक्त पानी पीने से बीमार हुए, इस मामले की अनदेखी क्यों?

-समृद्धि महामार्ग पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। विकसित भारत की क्या यही स्टार व्यवस्था है?

-मेट्रो एक दशक के बाद भी अपूर्ण है। कैग ने भ्रष्टाचार पर आक्षेप लिया है। सरकार पूरी तरह से असफल है?

-वर्धा रेलवे पुल का काम अपूर्ण है। भ्रष्टाचार के लिए काम में विलंब तो नहीं किया जा रहा है?

Tags:    

Similar News