Nagpur News: 2 घंटे अटकी रही मेट्रो - तकनीकी खामी के चलते अचानक ट्रैक पर हो गई बंद

  • तकनीकी खामी के कारण सेवा पर असर
  • 9 अप, 6 डाउन सेवाएं प्रभावित

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-25 13:53 GMT

Nagpur News : मेट्रो की एक्वा लाइन मंगलवार को प्रभावित हुई। लोकमान्य नगर से शंकर नगर के बीच तकनीकी खामी के चलते लगभग दो घंटे तक इस मार्ग की मेट्रो सेवा ठप रही। तकनीकी खराबी के कारण सेवा बंद हो जाने से नागपुर मेट्रो के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मेट्रो ट्रैक पर ही बंद हो जाने के कारण यात्रियों को मेट्रो से उतारकर दूसरी मेट्रो से आगे भेजा गया। इस वजह से बर्डी से लोकमान्य नगर की नौ और डाउन की छह मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं।

9 अप, 6 डाउन सेवाएं प्रभावित

दोपहर को लोकमान्य नगर से निकली मेट्रो में 2:25 बजे तकनीकी खराबी आई। जब खराबी जटिल होने का पता चला, तो तुरंत सभी यात्रियों को मेट्रो से उतार लिया गया। तांत्रिक खराबी के कारण दोपहर 4:25 तक मेट्रो मार्ग की सेवा ठप रही। सीताबर्डी से लोकमान्य नगर और लोकमान्य नगर से सीताबर्डी के बीच कुल 15 फेरियां रद्द कर दी गईं, जिनमें नौ अप और छह डाउन सेवाएं थीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

त्वरित कदम उठाए गए

खराबी का पता चलते ही नागपुर मेट्रो के अधिकारियों ने तुरंत कदम उठाए। कैटनरी मेंटेनेंस वाहन खराबी वाले स्थान पर पहुंचा और काम शुरू किया। दो घंटे में अप और डाउन दोनों मार्गों पर मेट्रो सेवा सामान्य कर दी गई। दोपहर 4:25 तक अप और डाउन मार्गों पर मेट्रो सेवा सुचारू रूप से चालू हो गई। इसके बाद मार्ग के अन्य स्टेशनों पर फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।

तकनीकी खामी के कारण सेवा पर असर

अखिलेश हलवे, डीजीएम, मेट्रो के मुताबिक तकनीकी खामी के चलते दोपहर को कुछ समय के लिए गाड़ी बंद हुई थी, लेकिन कुछ देर बाद ट्रैफिक सुचारू हो गया। गाड़ी पॉकेट लाइन पर खड़ी थी।



Tags:    

Similar News