Nagpur News: फिर मौसम की गुगली, बारिश हुई छूमंतर- मध्यप्रदेश तक आकर खत्म हो गया सिस्टम

  • अब कुछ दिनों तक मध्यम या भारी बारिश की संभावना नहीं
  • मध्यप्रदेश में आने के बाद खत्म हुआ सिस्टम
  • पारा चढ़ गया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-19 15:36 GMT

Nagpur News. मौसम ने फिर एक बार मौसम विशेषज्ञों के अनुमान को गलत साबित कर दिया। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण नागपुर समेत पूर्वी विदर्भ में 19 व 20 सितंबर को मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बढ़ गई थी। यह सिस्टम झारखंड से होते हुए उत्तर मध्यप्रदेश तक पहुंचा और खत्म हो गया। इस कारण जिले में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना नहीं है। गुरुवार को बारिश तो हुई नहीं, बल्कि पारा ऐसा चढ़ा कि इस महीने का रिकार्ड तोड़ दिया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में पारे का यह रूप देखकर ग्रीष्म ऋतु की याद आ रही थी।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान थोड़ा-थोड़ा बढ़ रहा था। तापमान बढ़ने से दिन गर्म व आधी रात के बाद गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा था। पिछले कुछ दिनों से बारिश पर ब्रेक लगा है और 19 व 20 को नागपुर समेत पूर्वी विदर्भ में बारिश होने का अनुमान मौसम विशेषज्ञ लगा रहे थे। इसकी वजह यह थी कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र झारखंड होकर मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में आना था। इस कारण संतरा नगरी समेत पूर्वी विदर्भ में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बढ़ गई थी। सिस्टम उत्तर मध्यप्रदेश पहुंचने के बाद लगभग खत्म हो गया। अगले तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश क संभावना नहीं है। हालांकि स्थानीय मौसमी परिवर्तन के कारण बूंदाबांदी या हल्कि बारिश हो सकती है।

गुरुवार को दिन में पारा खुब चढ़ा। तापमान औसत से अधिक रहा। दिन में खिली धूप से ग्रीष्म ऋतु की याद आ रही थी। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने व धूप खिलने की संभावना है। तीन दिन बाद मौसम का नया सिस्टम बनने के बाद ही बारिश को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

तारीख       अधिकतम तापमान

19 सितंबर  34.1

18 सितंबर  32.7

17 सितंबर  30.6

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

Tags:    

Similar News