Nagpur News: जोड़ों व बदनदर्द के मरीजों की संख्या 25 फीसदी बढ़ी, निजी अस्पताल नहीं देते जानकारी

  • परेशानी- नियंत्रण कार्यक्रम प्रभावित, बीमारी के आंकड़ों पर संदेह
  • स्थिति - एक महीने से करीब हर घर में संदिग्ध मरीज पाए जा रहे
  • आंकड़ों पर संदेह - रिकॉर्ड जरूरी निजी अस्पताल नहीं देते जानकारी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-29 12:58 GMT

Nagpur News : मलेरिया, डेंगू व चिकुनगुनिया को अधिसूचित बीमारियों की श्रेणी में शामिल किया गया है। इसलिए इन बीमारियों का रिकॉर्ड रखना बंधनकारक बताया जाता है। इन बीमारियों के मरीजों की पुष्टि होने पर भी अधिकतर निजी अस्पतालों द्वारा स्वास्थ्य विभाग को जानकारी नहीं दी जाती है। पिछले एक महीने से हर घर में संदिग्ध मरीज पाए जा रहे हैं। यह मरीज स्थानीय निजी अस्पतालों में जाकर उपचार करवा रहे हैं।

मलेरिया, चिकुनगुनिया के सही आंकड़े नहीं मनपा के पास

सूत्रों के अनुसार, इन मरीजों का ब्योरा स्वास्थ्य विभाग तक नहीं पहुंच पा रहा है। परिणामस्वरुप सही आंकड़े का पता नहीं चल पा रहा है। 2023 में ग्रामीण क्षेत्र में मलेरिया के 5 मरीज पाए गए थे। इसी साल चिकुनगुनिया के 94 संदिग्ध मरीज थे। इनमें 10 पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इस साल जून महीने तक 44 संदिग्धों में से 4 पॉजिटिव पाए गए थे। 2023 में डेंगू के 3196 संदिग्धों में 439 पॉजिटिव मरीज मिले थे। बीते साल डेंगू से 2 की मौत हुई थी। इस साल जून महीने तक 497 संदिग्धों में से 55 पॉजिटिव पाए गए।

इस तरह मलेरिया विभाग में कमी

मौसम की विषमता के चलते बीमारियां पांव पसार रही है। बरसात के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से मच्छरजनित बीमारियों से लोग परेशान हो रहे है। वहीं मनुष्यबल की कमी के चलते बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम प्रभावित होने लगे हैं। जिले के मलेरिया विभाग में अधिकारी व कर्मचारियों के 54 पद रिक्त हैं। बरसात के चलते मलेरिया की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करना ही प्रभावी माध्यम है, लेकिन विभाग में मनुष्यबल की कमी के कारण नियंत्रण कार्यक्रम प्रभावित होने लगा है। जिले में ग्रुप डी के 286 पद मंजूर है। इनमें से 54 पद रिक्त हैं। इनमें स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के 14 में से 8, प्रयोगशाला विशेषज्ञ के 46 में से 6, स्वास्थ्य सहायक के 52 में से 11, स्वास्थ्य सेवकों के 151 में से 23 और क्षेत्रीय कर्मचारियों के 6 में से 2 पद रिक्त हैं।


Tags:    

Similar News