बढ़ता संक्रमण: 50 से अधिक पुलिसकर्मियों को हुआ चिकनगुनिया, पुलिस अस्पताल में दोगुनी हुई मरीजों की संख्या

  • ओपीडी हुई दोगुनी, 50 फीसदी को वायरल फीवर
  • 27 हुए स्वस्थ, 25 का उपचार जारी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-12 16:43 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में डेंगू, चिकनगुनिया, वायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ चुकी है। सरकारी के साथ निजी अस्पतालों में इन बीमारियों के मरीजों की भीड़ लगी दिखायी दे रही है। आम लोगों के साथ ही पुलिसकर्मियों को भी बीमारियां घेरने लगी है। पिछले महीने में 52 पुलिसकर्मियों को चिकनगुनिया हुआ है। इसके अलावा पुलिस अस्पताल की ओपीडी में आनेवाले कुल मरीजों में 50 फीसदी मरीज वायरल से पीड़ित हैं।

27 हुए स्वस्थ, 25 का उपचार जारी

उपराजधानी में डेंगू, चिकनगुनिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है। इसका असर आम लोगों के साथ ही पुलिस कर्मियों पर भी होने लगा है। सूत्रों के अनुसार 52 पुलिसकर्मियों में 25 का उपचार शुरु है। वहीं 27 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि यह संख्या पुलिस अस्पताल में आनेवाले मरीजों की है। दूरदराज में रहनेवाले पुलिसकर्मी पुलिस अस्पताल नहीं आते। यह कर्मचारी आसपास के निजी या सरकारी अस्पताल में उपचार करवाते हैं। इनका पुलिस अस्पताल में रिकॉर्ड दर्ज नहीं होता। इसलिए पुलिसकर्मियों में चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या अधिक होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

ओपीडी हुई दोगुनी, 50 फीसदी को वायरल

पुलिस विभाग में कर्मचारी व अधिकारी मिलाकर 8900 जवान हैं। पुलिस अस्पताल की ओपीडी में पहले औसत 40 मरीज रोज आते थे। अब संख्या दोगुनी हो चुकी है। अब हर रोज औसत 100 मरीज आ रहे हैं। इनमे से 50 फीसदी यानि 50 मरीज वायरलसे पीड़ित होते हैं। इनमें अधिकतर सर्दी, खांसी, बुखार, बदनदर्द, गैस्ट्रो, मलेरिया जैसे सामान्य लक्षण होते हैं। उपचार के बाद स्वस्थ हो जाते हैं। सूत्रों ने बताया कि पुलिस अस्पताल प्रशासन ने महानगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग को मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए दवा का छिड़काव करने को कहा गया। पुलिस क्वार्टर्स, पुलिस चौकी, पुलिस थाने जैसे स्थानों में दवाओं का छिड़काव करने का सुझाव दिया गया है। वहीं जलजमाव और मच्छरों का प्रकोप ना हो इसके लिए सावधानी बरतने काे कहा गया है। 

Tags:    

Similar News