हड़कंप: जबलपुर-हैदराबाद उड़ान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, शौचालय में मिला धमकी भरा कागज

  • विमान के शौचालय में मिला बम की धमकी भरा कागज
  • अफवाह से मचा हड़कंप
  • नागपुर में इमरजेंसी लैंडिं
  • छह घंटे बाद लौटा विमान

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-01 13:12 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. विमान में बम होने की धमकी भरा कागज मिलने के बाद रविवार को इंडिगो एयरलाइन्स की जबलपुर-हैदराबाद उड़ान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान संख्या 6 ई-7308 के शौचालय में ‘ब्लास्ट एट 9 एएम’ लिखा कागज मिलने के खलबली मच गई। बम होने की संभावना के चलते सतर्कता बरतते हुए विमान को डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर उतारा गया।

इस घटना के बाद कुछ देर तक एयरपोर्ट पर तनाव की स्थिति रही। विमान के लैंड करते ही एयरपोर्ट पर मौजूद सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडिगो की जबलपुर-हैदराबाद उड़ान ने अपने निर्धारित समय पर सुबह 7.55 बजे जबलपुर उड़ान भरी। इसे सुबह 9.55 बजे हैदराबाद पहुंचना था। सुबह 9 बजे के करीब कैबिन क्रू मेंबर ज्योतिस्मिता सैकिया को विमान के शौचालय के पेपर रोल के टुकड़े पर अंग्रेजी में ‘ब्लास्ट एट 9 एएम’ लिखा मिला। उन्होंने क्रू मेंबर्स को इसकी सूचना दी।

इसके बाद नागपुर एयरपोर्ट से संपर्क साधा गया। लैंडिंग की इजाजत मिलने के बाद सुबह 9.21 बजे इस विमान को नागपुर हवाई अड्डे पर उतारा गया। विमान के उतरते ही बॉम्ब शोधक दस्ता (बीडीडीएस), सीआईएसएफ और डॉग स्क्वॉड विमान की छानबीन की। इसकी मामले की शिकायत सोनेगाव पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई।

छह घंटे बाद लौटा विमान

जबलपुर-हैदराबाद विमान नागपुर में सुबह 9.21 बजे उतरा। विमान के लैंड होते ही यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों को टर्मिनल बिल्डिंग में बिठाया गया। जांच पूरी होने के बाद दोपहर 3.16 बजे विमान ने हैदराबाद के लिए वापस उड़ान भरी।


Tags:    

Similar News