10वीं बोर्ड परीक्षा: लड़कियाें ने मारी बाजी, 94.73 प्रतिशत सफलता के साथ अंतिम पायदान पर नागपुर विभाग

  • गोंदिया जिला फिर अव्वल
  • लड़कियाें ने मारी बाजी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-28 09:38 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवीं कक्षा के परिणाम सोमवार को दोपहर में घोषित किए गए। राज्य में इस बार कोंकण विभाग ने 99.01 प्रतिशत प्राप्त कर राज्य में पहला स्थान हासिल किया है, वहीं नागपुर विभाग ने 94.73 प्रतिशत के साथ सबसे आखिरी यानी नौंवा स्थान हासिल किया है। पिछले साल नागपुर विभाग का रिजल्ट 92.05 प्रतिशत था। इस साल रिजल्ट में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

10वीं की परीक्षा 1 मार्च से शुरू हुई थी। नागपुर विभाग में 676 परीक्षा केंद्रों पर 1 लाख 51 हजार 2 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें से 1 लाख 49 हजार 897 छात्रों ने परीक्षा दी। इसमें 1 लाख 42 हजार 205 छात्र पास हुए। नागपुर विभाग में कुल 94.73 छात्र उत्तीर्ण हुए, वहीं फेल होने वाले छात्रों की संख्या 7 हजार 892 हैं।

लड़कियाें ने मारी बाजी

नागपुर विभाग में इस साल भी दसवीं बोर्ड परीक्षा में लड़कियों ने बाजी मारी है। नागपुर विभाग में 76 हजार 692 लड़के और 73 हजार 205 लड़कियों ने परीक्षा दी। इनमें से 71 हजार 178 लड़के और 70 हजार 827 लड़कियां पास हुईं। लड़कों का प्रतिशत 92.81 और लड़कियों का 96.75 है।

गोंदिया जिला फिर अव्वल

दसवीं बोर्ड परीक्षा में गोंदिया जिले ने 96.11 प्रतिशत के साथ अव्वल स्थान प्राप्त किया है। भंडारा जिले ने 95.41 प्रतिशत के साथ दूसरा और नागपुर जिले ने 95.17 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। गड़चिरोली जिले ने 94.67 प्रतिशत के साथ चौथा स्थान, चंद्रपुर ने 94.05 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान और वर्धा जिले ने 92.02 प्रतिशत के साथ अंतिम स्थान हासिल किया है।




Tags:    

Similar News