परेशानी: फुटाला के ओवरफ्लो एरिया में भरा पानी, मत्स्य पालन ठेकेदार की जाली में कचरा अटका

  • ओवरफ्लो एरिया में जलजमाव
  • जाली में कचरा अटकने से परेशानी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-11 14:22 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले दो दिनों से बरसात से फुटाला तालाब का भी जलस्तर बढ़ गया है। महानगरपालिका प्रशासन से जलजमाव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी को लेकर प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फुटाला तालाब के वायु सेना नगर रोड वाले हिस्से में जलजमाव होने से तीन और पांच दिनों के गणेश विसर्जन में मुश्किले आ रही है। इसकी वजह यह है कि इस हिस्से में मछली पालन का निजी ठेका एजेंसी संभाल रही है। इेकेदार ने मत्स्पालन के बीज और संवर्धन की सुविधा के लिए तालाब के भीतर लोहे की जाली डाल दी है। इस जाली में बरसाती पानी के साथ प्लास्टिक और कचरा जमा होने से पानी का बहाव रूक गया है। बहाव के थमने से ओवरफ्लो का स्तर कम नहीं हो रहा है। ओवरफ्लो के जमाव से पिछले दो दिनों से मनपा के कृत्रिम विसर्जन टैंक में गणेश विसर्जन में परेशानी हो रही है। मंगलवार को कुछ समय तक ग्रीन विजिल फाऊंडेशन स्वयंसेवी संस्था के सुझाव पर नागरिकों से मूर्तियों का संकलन कर स्वयंसेवकों के माध्यम से विसर्जन किया गया। वहीं दूसरी ओर मनपा के आला अधिकारियों के निर्देश पर धरमपेठ जोन से जाली की सफाई कर जलजमाव को निकालने का प्रयास किया गया।

राज्य के मत्स्यपालन विभाग ने सहकारिता आधार पर 500 हेक्टेयर से छोटे तालाबों को मत्सयपालन संस्था को निशुल्क रूप से लीज पर दिया जाता है, ताकि मत्स्यपालन संस्था को सहकारिता आधार पर मछली संवर्धन, पालन और बिक्री से रोजगार के अवसर मिल सके। करीब 17 एकड़ के फुटाला तालाब के क्षेत्र को मत्स्य संवर्धन विभाग ने साल 2021 में आदर्श मत्स्यपालन संस्था माहुरझरी को पांच सालों की लीज पर आवंटित किया है। इस संस्था से निजी व्यवसायी ने तालाब में मछली पालन और बिक्री का ठेका लिया है। ऐसे में मत्स्य पालन विभाग के रिकार्ड में निजी व्यवसायी आधिकारिक रूप से ठेकेदार के रूप में दर्ज ही नहीं है। वहीं दूसरी ओर निजी व्यवसायी ने फुटाला में बीज संवर्धन के लिए लोहे की जाली डाली है। इस जाली में प्लास्टिक और अन्य कचरा फंस जाने के चलते ओवरफ्लो का पानी निकल नहीं पा रहा है। इस मामले में ग्रीन विजिल संस्था की जानकारी पर बुधवार को धरमपेठ जोन के अधिकारियों ने सफाई कर जलनिकासी का प्रयास किया है, लेकिन अब भी जलजमाव होने से परेशानी हो रही है।

जलप्रवाह को सुचारू किया गया

आंचल गोयल सूद, अतिरिक्त आयुक्त मनपा के मुताबिक फुटाला तालाब के वायु सेना नगर रोड वाले हिस्से में मत्स्य पालन विभाग से मत्स्यपालन का ठेका दिया गया है। ठेकेदार की लोहे की जाली से ओवरफ्लो का पानी निकलने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में धरमपेठ जोन के स्वच्छता अधिकारी के माध्यम से इलाके की जाली को सफाई कर जलप्रवाह को सुचारू किया गया है। कृत्रिम टैंक में मूर्ति विसर्जन को भी क्रियान्वित कर दिया गया है।


Tags:    

Similar News