जनता की परेशानी: बीमारी, सड़कों के गड्ढे और अतिक्रमण से नागपुर की जनता हलाकान, गडकरी ने खींचे प्रशासन के कान

  • त्योहार के पहले व्यवस्था सुधारने की चेतावनी
  • मनपा और नासुप्र की कार्यप्रणाली पर जताया रोष
  • 1 सितंबर को लगेगा जनता दरबार

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-29 11:04 GMT

डिजिटल डेस्क , नागपुर । महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर को देश का सबसे तेजी से बढ़ता शहर कहा जा रहा है। विकास कार्यों की भरमार है। लेकिन यहां विविध कारणों से बीमारी के प्रकोप, अतिक्रमण, सड़कों की बेहाली से नागरिक परेशान है। इन मामलों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने प्रशासन के कान खींचे। चेतावनी दी गई है कि गणेश उत्सव सहित अन्य त्योहारों के पहले व्यवस्था में सुधार लाएं।

उल्लेखनीय है कि दो वर्ष से मनपा व नासुप्र में प्रशासक राज चल रहा है। फरवरी 2022 को मनपा पदाधिकारियों का कार्यकाल समाप्त हो गया है। लेकिन यहां चुनाव नहीं हो पाया है। 156 सदस्यीय मनपा में नगरसेवक नहीं हैँ। महापौर व विविध समितियों के सभापति नहीं है। नासुप्र यानी नागपुर सुधार प्रन्यास में भी प्रशासक राज चल रहा है। लिहाजा, अधिकारी उदासीन है। विविध जनसमस्याओं की सुनवाई नहीं हो पा रही है। गडकरी ने जनसमस्याओं को सुनने के मनपा और नासुप्र के मामलों पर अलग अलग जनता दरबार लगाए। अधिकारियों की उपस्थिति में जनसमस्याएं सुनी गई। त्वरित समस्या निराकरण के निर्देश दिए गए लेकिन समस्याएं यथावत है।

विकास कार्य बन रहे परेशानी का कारण : शहर में जिन क्षेत्रों में सड़कों पर मेट्रो स्टेशन तैयार हुए है वहां स्टेशन के सामने बड़े पैमाने पर पानी जमा है। इसके कारण मेट्रो यात्रियों को परेशानी हो रही है। त्योहारों के समय सड़क व बाजारपेठ में भीड़ रहती है। और भी अन्य जनसमस्याओं को लेकर गडकरीने जारी वक्तव्य में कहा है कि गणेशोत्सव, दुर्गोत्सव, दशहरा, दीपावली व धम्मचक्र प्रवर्तन दिन समारोह की तैयारी के तहत शहर में विकास यंत्रणा में समन्वय नहीं दिख रहा है। सड़क के कार्य के संदर्भ में उदासीनता दिख रही है। कई स्थानों पर पानी जमा है। बीमारियां फैल रही है। सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग, मनपा, नासुप्र, मेट्रो रेलवे, विद्युत विभाग, टेलीफोन विभाग में किसी तरह का समन्वय नहीं है। कोई भी आता है और सड़क को खोदने लगता है। इससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है। प्रदूषण बढ़ रहा है।नागरिकों को परेशानी हो रही है। 

1 सितंबर को जनता दरबार : 1 सितंबर को केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी का जनता दरबार होगा। खामला चौक परिसर के जनसंपर्क कार्यालय में दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे तक जनता दरबार में विविध जनसमस्याएं सुनी जाएगी।

Tags:    

Similar News