आरोप: भाजपा विधायक खोपडे पुलिस से खफा, बोेले भूखंड माफियाओं का साथ दे रही है पुलिस

  • थाने में नहीं हो रही शिकायतों पर सुनवाई
  • मनपा अधिकारी अपनी ही जमीन को हड़पने दे रहे
  • आरोपियों पर मोका के तहत हो कार्रवाई
  • पूर्व नागपुर की कई बस्तियों में माफिया सक्रिय

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-17 14:15 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा विधायक कृष्णा खोपडे ने शहर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जतायी है। उन्होंने कहा है कि पूर्व नागपुर में भूखंड माफियाओं के हौसले बुलंद है। उनपर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस उन्हें साथ दे रही है। इससे पहले भी खोपडे इस तरह की शिकायत कर चुके हैं। भूखंड माफिया ने सरकारी जमीन बेचने के प्रकरण में शहर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। इस संदर्भ में विधायक खोपडे ने एक पत्रक जारी किया है। उसमें उन्होंने पुलिस के संबंध में अपनी भावना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा है-हाल ही मे भूखंड बिक्री के संदर्भ में बाबा ताजुद्दीन लैंड डेवलपर्स विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का समाचार प्रकाशित हुआ है।

मौजा तरोडी में मनपा की जमीन अवैध तरीके से डेवलपर के द्वारा बेचे जाने के संबंध में एनएमआरडीए के अधीक्षक अभियंता ने 30 सितंबर 2022 को मनपा को पत्र भेजकर अवगत कराया है। खोपडे के मुताबिक उन्होंने भी 10 अक्टृबर 2022 व 17 अगस्त 2023 को आयुक्त को पत्र दिया था। भूमाफिया पर कार्रवाई करने की मांग की थी। लेकिन मनपा की के स्थावर संपति विभाग ने अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की। जमीन का सातबारा मनपा के नाम रजिस्टर्ड है। मौजा तरोडी खुर्द खसरा नंबर 57 सिम्बायोसिस के सामने की जमीन है। मनपा अधिकारी की अनदेखी के कारण भूखंड माफिया सरकारी भूखंड को हड़प रहे है।

मोका लगाए

विधायक खोपडे ने भूखंड माफियाओं पर महाराष्ट्र एकीकृत झोपड़पट्टी अपराध प्रतिबंधक कानून मोका के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि नागपुर में भूखंड माफिया सरकारी जमीन को हडप रहे हैं। कई भूखंड अन्य लोगों को बेचे गए है। ऐसे में शहर में अापराधिक घटनाएं बढ़ रही है। शहर में भूखंड माफियाओं के हौसले बुलंद है। पुलिस उनके साथ है। नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई नहीं हो पाती है। भूखंड माफियाओं के विरुद्ध शिकायतकर्ताओं की शिकायत को अदखलपात्र बताकर शिकायतकर्ता को थाने से वापस लौटा दिया जाता है। पूर्व नागपुर के वाठोडा, पारडी, कलमना, नंदनवन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत इस तरह की घटनाएं बढ़ी है। पुलिस आयुक्त से निवेदन है कि इस तरह की घटनाओं में आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई करें।

Tags:    

Similar News