मेट्रो ब्लड बैंक: छह महीने का और इंतजार, मुंबई से होगी 16 कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया

  • नियुक्तियों के इंतजार में बीत गए 9 साल
  • मुंबई से होगी 16 कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-12 09:05 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपराजधानी के डागा अस्पताल में प्रस्तावित मेट्रो ब्लड बैंक के लिए और छह महीने इंतजार करना पड़ेगा। यहां जरूरी मनुष्यबल की नियुक्तियां मुंबई से की जानेवाली हैं। यहां डॉक्टर, विशेषज्ञ, अधिकारी व अन्य सहायक कर्मचारी मिलाकर कुल 16 लोगों की नियुक्ति का प्रस्ताव है। यह मेट्राे ब्लड बैंक 9 साल से प्रस्तावित है। इसके लिए 55 लाख रुपए के उपकरण भी आ चुके हैं। लेकिन मनुष्यबल के अभाव में अब तक मेट्रो ब्लड बैंक शुरू नहीं हो पाया है। सूत्रों ने बताया कि मनुष्यबल के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छह महीने के भीतर नियुक्तियां होने पर ब्लड बैंक शुरू हाे जाएगा।

नियुक्तियों के इंतजार में बीत गए 9 साल

सरकार ने 2015 में राज्य के कुछ बड़े शहरों में मेट्रो ब्लड बैंक शुरू करने का निर्णय लिया था। मुंबई के जेजे अस्पताल समेत नागपुर, नाशिक, अहमदनगर, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, परभणी, ठाणे, पुणे व सातारा का समावेश था। इन शहरों में स्वतंत्र मेट्रो ब्लड बैंक शुरू करना था। तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री दीपक सावंत ने घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार नागपुर की स्वतंत्र मेट्रो ब्लड बैंक के लिए जरूरी उपकरण आ चुके हैं। इसके लिए अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य भी हो चुका है। लेकिन कर्मचारियों की नियुक्तियां नहीं होने से इसे शुरू कर पाना संभव नहीं है।

यह है पेंच

जब तक सरकार की तरफ से स्थायी या अस्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं हो पाती, तब तक यह ब्लड बैंक शुरू नहीं हो पाएगा। यहां डॉक्टर, विशेषज्ञ, अधिकारी व अन्य सहायक कर्मचारी मिलाकर कुल 16 लोगों की नियुक्ति होनी है। शहर की सरकारी ब्लड बैंकाें को आए दिन रक्त की किल्लत से जूझना पड़ता है। मरीज व उनके परिजनों को रक्त के लिए भागदौड़ करनी पड़ती है। शहर में 4 सरकारी ब्लड बैंक हैं। इनमें मेडिकल, सुपर स्पेशलिटी, मेयो व डागा की ब्लड बैंक शामिल है। सभी ब्लड बैंक सामान्य ब्लड बैंक हैं, इसलिए यहां एक अत्याधुनिक मेट्रो ब्लड बैंक के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


Tags:    

Similar News