क्राइम: हत्या के प्रयास का आरोप 42 साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, नाम-पता और ठिकाना बदला

  • हाथ लगने पर चेहरे पर हवाईयां उड़ने लगीं
  • नाम-पता, ठिकाना बदल रहा था
  • कानून के हाथ लंबे होते हैं, आरोपी भूल गया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-12 16:56 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। यह कहावत चरितार्थ करते हुए पांचपावली पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में 42 साल से फरार आरोपी को जाल बिछाकर धर दबोचा। अदालत ने उसे जेल भेज दियाहै। आरोपी मॉरेस पीटर एडवर्ड पीटर, शेंडे नगर, बेझनबाग निवासी है। वर्ष 1982 में उसने किसी व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया था। इस मामले में आरोपी माॅरेस के खिलाफ पांचपावली थाने में धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, तब से आरोपी फरार था।

नाम-पता, ठिकाना बदल रहा था

पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रयास किए। संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लग रहा था। वह नाम-पता-ठिकाना बदल रहा था। उसे लग रहा था कि, पुलिस उसे कभी नहीं गिरफ्तार कर पाएगी, लेकिन वह भूल गया था कि, कानून के हाथ लंबे होते हैं। इस प्रकरण में पुलिस ने जांच पूरी कर सत्र अदालत में आरोप पत्र भी दायर किया था। बरसों तक अदालत में पेश नहीं होने पर अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

हाथ लगने पर चेहरे पर हवाईयां उड़ने लगीं

इस मामले में अदालत ने पुलिस को सख्त हिदायत दी कि, वह आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे और अदालत में पेश करे। इसके बाद संबंधित थाने के निरीक्षक बाबूराव राऊत के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मचारी विनोद समदुरे, मिथुन चौरे, देवेंद्र शर्मा और तायड़े फिर से आरोपी को गिरफ्तार करने सक्रीय हो गए। खबरियों को भी सतर्क कर दिया गया। इस बीच गुप्त जानकारी मिली कि, आरोपी जरीपटका थाना अंतर्गत शेंडे नगर में है। पुलिस ने जाल बिछाया और दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। बरसों बाद पुलिस के हाथ लगने पर आरोपी के चेहरे पर हवाईयां उड़ने लगीं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।

Tags:    

Similar News