नागपुर: कल सुबह बारिश के बाद दिन भर रही थी उमस, आज फिर मौसम में बढ़ी गर्मी, खिली धूप

  • बारिश के बावजूद नहीं कम हो रहा तापमान
  • फिर मौसम में बढ़ी गर्मी
  • होने लगी है उमस

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-20 11:00 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मौसम का मिजाज गजब हैरान कर रहा है। मंगलवार को तेज धूप ने गर्मी बढ़ा दी। इसके साथ ही उमस भी बढ़ने लगी है। इससे पहले सोमवार सुबह बारिश हुई थी, जिसके बाद दिन भर शहर वासी गर्मी व उमस से बेहाल रहे। बारिश होने के बावजूद गर्मी व उमस से छुटकारा नहीं मिलने से लोग परेशान रहे। रात को चली ठंडी हवा से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश होने के बावजूद तापमान में कमी नहीं आ रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान औसत से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

दिनचर्या प्रभावित हुई

सोमवार को सुबह हुई बारिश से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। रक्षा बंधन का दिन होने से भाई के घर जाने के लिए महिलाएं तैयार बैठी थीं। बारिश के कारण बहनों को अपने कार्यक्रम में परिवर्तन करना पड़ा। बारिश जाने के बाद ऐसा माना जा रहा था कि ठंडी हवा चलेगी आैर गर्मी से राहत मिलेगी। ऐसा बिलकुल नहीं हुआ आैर दिन भर लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। राहत के लिए लोग कूलर व एसी का इस्तेमाल करने लगे। रात को ठंडी हवा चली और इससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली।

23 अगस्त तक यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। फिलहाल सिस्टम वहीं पर है। मानसून की द्रोणिका मध्य भारत के ऊपर से जाएगी। मंगलवार 20 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 21 अगस्त को जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 23 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट बना हुआ है।

Tags:    

Similar News