क्रिमिनल पर शिकंजा: शेख हाजी हत्याकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, यूनिट 4 के दस्ते की कार्रवाई

  • शेख हाजी हत्याकांड का फरार आरोपी धराया
  • दर्शन कॉलोनी नंदनवन से गिरफ्तार
  • चंद्रपुर पुलिस को थी तलाश

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-13 15:37 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। चंद्रपुर के शेख हाजी हत्याकांड का फरार आरोपी सुरेंद्र कुमार रामपति यादव उम्र 36 साल को दर्शन कॉलोनी नंदनवन से गिरफ्तार किया गया। आरोपी यहां पर किराए से रहता था। वारदात के बाद वह चंद्रपुर से भागकर नागपुर आया था। अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट 4 ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चंद्रपुर के कोयला माफिया शेख हाजी को एक होटल में बिरयानी खाते समय फायरिंग कर घायल किया था। जिसके बाद जख्मी शेख हाजी की मौत हो गई थी। इस मामले में 5 आरोपियों को चंद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया।

फरार आरोपी सुरेंद्रकुमार यादव को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद चंद्रपुर के रामनगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गौरतलब है कि 12 अगस्त को चंद्रपुर के घुग्घुस इलाके में शाही दरबार होटल में शेख हाजी अपने कुछ साथियों के साथ बिरयानी खाने गया था। इस दौरान हथियारों से लैस आरोपियों के झुंड ने होटल के अंदर घुसकर ताबड़तोड़ शेख हाजी पर हमला किया, साथ ही फायरिंग कर दी। करीब 5 गोलियां दागी गईं। इस दौरान गंभीर रुप से जख्मी हाजी शेख को पास के अस्पताल  ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शेख हाजी को मृत घोषित कर दिया गया। उसकी मौत की खबर सुनने के बाद समर्थकों और करीबियों का सैलाब उमड़ पड़ा।

जानकारी मिलने पर चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन भी मौके पर पहुंच गए थे। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। शेख हाजी की मौत के बाद रामनगर थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। इसके बाद रामनगर पुलिस ने शेख हाजी की हत्या में शामिल 5 आरोपियों को दबोच लिया था।

पुरानी दुश्मनी के चलते उसके विरोधियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया था। शेख हाजी का चंद्रपुर में काफी बोलबाला था। उसकी कई पुलिस वालों के साथ दोस्ती थी, जिसके चलते वह चंद्रपुर में लंबे समय से अपना साम्राज्य फैला रखा था। शेख हाजी के बारे में कहा जाता है कि उसके नागपुर में भी कई अपराधियों के साथ कनेक्शन थे। वह सेंट्रल जेल में भी बंद था।

Tags:    

Similar News