उपलब्धि: राज्य आदर्श शिक्षक पुरस्कार में नागपुर जिले के 3 शिक्षकों का चय, होगा सम्मान

  • 5 सितंबर को मुंबई में 110 शिक्षकों को होगा सम्मान
  • नागपुर यूनिवर्सिटी के उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार की घोषणा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-02 17:01 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शालेय शिक्षण तथा खेल विभाग ने राज्य आदर्श शिक्षक पुरस्कारों की घोषणा की है। निस्वार्थता और समर्पण के साथ समाज की सेवा करने वाले और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की योग्यता को प्रोत्साहित करने और उचित रूप से सम्मानित करने के उद्देश्य से यह पुरस्कार दिया जाता है। इस साल राज्य सरकार ने 110 आदर्श शिक्षकों की सूची घोषित की है और इसमें नागपुर जिले से तीन शिक्षकों का चयन किया गया है। इसमें नागपुर जिले के लाल बहादुर हिंदी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय महानगरपालिका हनुमाननगर नागपुर की ज्योति कोहले, स्वामी विवेकानंद विद्यालय देवलापार के उल्हास इटनकर और जिला परिषद उच्च प्राथमिक विद्यालय झिंजेरिया देवलापार के घनश्याम सर्याम का चयन किया गया है। राज्य में 1962-63 से शालेय शिक्षण तथा खेल विभाग की ओर से राज्य शिक्षक पुरस्कार योजना क्रियान्वित की जा रही है। वर्ष 2021-22 से राज्य आदर्श शिक्षक पुरस्कार के मापदंडों में संशोधन कर यह पुरस्कार क्रांतिज्योति सावित्रीमाई फुले राज्य शिक्षक मेधावी पुरस्कार के नाम से दिया जा रहा है। पुरस्कार में एक लाख दस हजार रुपये, पदक और प्रमाण पत्र शामिल है। इन शिक्षकों को राज्य सरकार की ओर से मुंबई में 5 सितंबर शिक्षक दिन पर आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया जायेगा।

नागपुर यूनिवर्सिटी के उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार की घोषणा

राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर यूनिवर्सिटी के उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार गुरुवार, 5 सितंबर को सुबह 11.30 बजे अंबाझरी टी पॉइंट रोड पर स्थित यूनिवर्सिटी के गुरु नानक भवन में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा वितरित किया जाएगा।शिक्षक दिवस समारोह में विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, नागपुर के निदेशक डॉ. प्रेम लाल पटेल उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता प्रभारी कुलगुरू डॉ. प्रशांत बोकारे करेंगे और प्र-कुलगुरू डॉ. संजय दुधे की मुख्य उपस्थिति रहेगी। इस समारोह में डाॅ. आर. कृष्ण कुमार स्वर्ण पदक के साथ-साथ उत्कृष्ट प्राचार्य, उत्कृष्ट शिक्षक, उत्कृष्ट शोधकर्ता, उत्कृष्ट लेखक, उत्कृष्ट सामाजिक कार्य पुरस्कार का वितरण मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा।

इस वर्ष के पुरस्कार

इस वर्ष एस. बी. सीटी कॉलेज उमरेड रोड के प्राचार्य डाॅ. सुजीत मेत्रे को आर. कृष्ण कुमार स्वर्ण पदक पुरस्कार की घोषणा की गई है। उत्कृष्ट प्राचार्य (शहरी प्रभाग) पुरस्कार जी. एच. रायसोनी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग हिंगना रोड के प्राचार्य डॉ. सचिन उंटवाले, उत्कृष्ट प्राचार्य (ग्रामीण विभाग) सूर्योदय कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी विहिरगांव उमरेड रोड के प्राचार्य डॉ. विट्ठल अराजपुरे, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय की ओर से उत्कृष्ट शिक्षक का पुरस्कार नागपुर यूनिवर्सिटी के रसायन विज्ञान विभाग प्रमुख डाॅ. नंदकिशोर करडे, आंतरविद्याशाखीय अध्ययन संकाय से मातृ सेवा संघ इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल वर्क के डॉ. प्रिंस अजय कुमार अागाशे, उत्कृष्ट शोधकर्ता पुरस्कार (विश्वविद्यालय शैक्षणिक विभाग से) फार्मास्युटिकल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. विना बेलगमवार, उत्कृष्ट शोधकर्ता पुरस्कार (विश्वविद्यालय संलग्नित कॉलेज से) सेंट विंसेंट पलोटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी गावसी मानकापुर वर्धा रोड के डॉ. मिनहाज अहमद ए. रहमान, उत्कृष्ट लेखक पुरस्कार नागपुर विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की डाॅ. शालिनी लिहितकर, उत्कृष्ट सामाजिक कार्य पुरस्कार नागपुर यूनिवर्सिटी व्यवसाय प्रबंधन विभाग के डॉ. राहुल खराबे को घोषित किया गया है। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. राजू हिवसे ने इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।


Tags:    

Similar News