विवादित बयान: जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर क्लब किया, शिर्डी पुलिस करेगी जांच

  • आव्हाड ने सात मामलों को क्लब करने का किया था अनुरोध
  • शिर्डी पुलिस करेगी सभी मामलों की जांच
  • महिला के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने आव्हाड पर मामला दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-18 16:01 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) के विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ दर्ज 7 एफआईआर की जांच एक साथ शिर्डी पुलिस करेगी। राज्य सरकार ने गुरुवार को हाई कोर्ट को यह जानकारी दी। आव्हाड की भगवान राम को मांसाहारी बताने वाली टिप्पणी को लेकर अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने सातएफआईआर दर्ज कराई थी। इन एफआईआर को क्लब करने का अनुरोध आव्हाड ने हाई कोर्ट से किया था। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते ढेरे और न्यायमूर्ति श्याम सी.चांडक की पीठ के समक्ष आव्हाड की ओर से वकील सागर जोशी और वकील विनोद उत्तेकर द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई हुई। सरकारी वकील ने पीठ को बताया कि राज्य सरकार ने याचिकाकर्ता के खिलाफ राज्य भर में दर्ज सभी 7 मामलों की जांच शिर्डी पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर करने का निर्णय लिया है। इस पर पीठ ने पूछा कि सभी मामलों की जांच शिर्डी पुलिस स्टेशन में ही क्यों ट्रांसफर किया जा रहा है। मुंबई या ठाणे के पुलिस स्टेशन में क्यों नहीं? इसके जवाब में सरकारी वकील ने कहा कि आव्हाड ने शिर्डी में एक कार्यक्रम के दौरान भगवान राम पर टिप्पणी की थी। इसलिए मामले की जांच शिर्डी में ट्रांसफर की गई है।

महिला के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने आव्हाड पर मामला दर्ज

महिला से अभद्रता के प्रकरण में जितेंद्र आव्हाड उनके दो वकील समेत 22 लोगों पर झूठा मामला दर्ज कराने का मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ है। इस मामले में ठाणे सत्र न्यायालय ने पुलिस को सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। मुंब्रा वाई जंक्शन पर आव्हाड ने एक महिला का हाथ पकड़कर हटा दिया था। जिसको लेकर महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसके बाद अव्हाड ने शिवा जगताप नामक शख्स की मदद सेमहिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। जो झूठा पाया गया।

Tags:    

Similar News