Gadchiroli News: भाजपा में एक अनार तो सौ बीमार, वर्तमान विधायक डॉ. होली की बढ़ी चिंता

  • मतदाता पंद्रहवीं विधानसभा के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे
  • पिछले 10 वर्ष से प्रतिनिधित्व कर रहे भाजपा के डॉ. देवराव होली

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-24 06:49 GMT

Gadchiroli News : रूपराज वाकोड़े। आने वाले महज कुछ ही दिनों में मतदाता पंद्रहवीं विधानसभा के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र का पिछले 10 वर्ष से प्रतिनिधित्व कर रहे भाजपा के डॉ. देवराव होली इस बार हैट्रिक लगाने की जोरदार तैयारी में जुटे हुए हैं। हालांकि, दूसरी ओर संघ से जुड़े नेता डॉ. मिलिंद नरोटे के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल डॉ. चंदा कोड़वते और डॉ. नामदेव उसेंडी के नाम भी टिकट की होड़ दिखाई दे रहे हैं, जिससे विधायक डॉ. होली की चिंता बढ़ गई है। यहां बता दें, अनुसूचित जनजाति प्रवर्ग के लिए आरक्षित गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 3 हजार 59 मतदाता अपने क्षेत्र से नये विधायक का चुनाव करने वाले हैं। वर्ष-2014 के चुनाव पर दृष्टि डालें तो भाजपा के डॉ. देवराव होली ने सर्वाधिक 70 हजार 185 वोट लेकर अपने प्रतिद्वंद्वी राकांपा की भाग्यश्री आत्राम को तकरीबन 51 हजार वोटों से परास्त किया था। उस समय देश में मोदी लहर बनी हुई थी। वहीं, वर्ष 2019 में गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र की सीट कांग्रेस के कोटे में जाने से कांग्रेस ने डॉ. चंदा कोडवते को चुनाव मैदान में उतारा। इस चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी डॉ. देवराव होली ने 97 हजार 913 वोट प्राप्त कर 35 हजार 341 वोटों से डॉ. कोडवते को परास्त कर दिया था। इससे पूर्व गड़चिरोली विस सीट कांग्रेस के पास ही थी। वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के डॉ. नामदेव उसेंडी विजयी हुए थे।

वहीं, वर्ष 2004 में भाजपा के अशोक नेते विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। कुल मिलाकर इस दफा भाजपा के डॉ. हाेली अपनी हैट्रिक की दहलीज पर खड़े हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से ही उनका पत्ता काटने के लिए भाजपा में अंदरूनी रणनीति तैयार होने लगी थी। इस बार टिकट की होड़ में संघ से जुड़े डॉ. मिलिंद नरोटे सबसे आगे होेने की चर्चा भाजपा खेमे में चल रही है। कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपाई बनीं डॉ. चंदा कोडवते और डॉ. नामदेव उसेंडी के नाम भी चर्चा में हंै। भाजपा खेमे से अब तक किसी भी प्रत्याशी के नाम की घोषणा न होने से वर्तमान में गड़चिरोली क्षेत्र में एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति पैदा हो गई है। 

Tags:    

Similar News