गड़चिरोली: रिमझिम बारिश से फसलों का हो रहा नुकसान

  • पिछले 2 दिनों से गड़चिरोली जिले में बदरीला मौसम
  • रिमझिम बारिश
  • फसलों का हो रहा नुकसान

Bhaskar Hindi
Update: 2023-11-29 12:20 GMT

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली. पिछले 2 दिनों से गड़चिरोली जिले में बदरीला मौसम जारी है। इस बीच मंगलवार को जिले के उत्तरी इलाके में रिमझिम बारिश होने की जानकारी मिली है। कुरखेड़ा, कोरची और देसाईगंज तहसील में हुई बेमौसम बारिश के कारण खेतों में रखे धान के ढेर भीगने की जानकारी सामने आयी है जिससे एक बार फिर किसानों काे नुकसान उठाना पड़ रहा है। वर्तमान में क्षेत्र के किसानों ने रबी सत्र की शुरुआत कर दी है। खेतों में मक्के की फसल उगने लगी है। लेकिन अचानक हो रही बेमौसम बारिश के कारण मक्के की फसल भी विपरीत असर होते दिखायी दे रहा है। बता दें कि, हाल ही में खरीफ सत्र समाप्त हुआ। किसानों ने फसल काटकर अपने खेतों में ही ढेर बनाकर रखे है। कुछ किसानों ने कुछ दिन पूर्व ही फसल कटाई की है। खेतों में कटी हुई फसल सूखने के लिए खुले आसमान के नीचे पड़ी है। लेकिन लगातार दो दिनों से हो रहीं रिमझिम बारिश के कारण यह फसल बर्बाद होने लगी है।

किसानों के मुताबिक बारिश के कारण धान लाल पड़ने लगेगा जिससे उन्हें धान का अच्छा दर प्राप्त नहीं होता। इस वर्ष खरीफ सत्र के शुरुआती दौर से ही किसानों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले अतिवृष्टि और बाढ़ के बाद अब बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। लगातार हो रहे नुकसान से उबरने के लिए तत्काल वित्तीय मदद देने की मांग किसानों ने की है।


Tags:    

Similar News