जुन्नारदेव गबन कांड: दो पूर्व बीईओ सहित 16 के खिलाफ एफआईआर, लेखापाल-लिपिक सस्पेंड

  • दो पूर्व बीईओ सहित 16 के खिलाफ एफआईआर
  • लेखापाल-लिपिक सस्पेंड
  • दो महीने बाद कलेक्टर के आदेश पर जुन्नारदेव बीईओ ने दर्ज कराई एफआईआर

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-02 04:42 GMT

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। दो महीने के बाद बुधवार देर रात एक करोड़ 32 लाख के घोटाले में दो पूर्व बीईओ सहित 16 लोगों के खिलाफ जुन्नारदेव थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। बुधवार को एफआईआर के बाद गुरुवार को जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने आरोपी बाबूओं को सस्पेंड कर दिया है। वहीं तत्कालिक बीईओ के निलंबन का प्रस्ताव संभागीय कमिश्नर को भेजा गया।

दो महीने पहले जबलपुर वित्त विभाग की टीम ने तकरीबन 15 दिन जांच करते हुए एक करोड़ 32 लाख का घोटाला जुन्नारदेव बीईओ कार्यालय में उजागर किया था। बीईओ कार्यालय से हुई गड़बड़ी में यहां के कर्मचारियों के वेतन का पैसा बाबू द्वारा अपने रिश्तेदारों सहित परिचितों के खाते में डाल दिया था। जबलपुर वित्त विभाग की जांच में एक करोड़ 44 लाख की गड़बड़ी का अंदेशा था, लेकिन जांच में 1.32 करोड़ की वित्तीय अनियमितता सामने आई। जबलपुर के अधिकारियों की जांच रिपोर्ट का दो महीने से इंतजार किया जा रहा था। बुधवार को कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने एफआईआर के आदेश दिए। जिसके बाद देर रात जुन्नारदेव थाने पहुंचकर 16 लोगों के खिलाफ धारा 379/24, 420, 406, 409, 120 बी, 467, 468, 471 और 74 आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

यह भी पढ़े -बतरी गांव में फैला डायरिया, पांच दिन में ५० से ज्यादा लोग हुए बीमार, पीएचई ने कुएं के पानी का लिया सेंपल, स्वास्थ्य विभाग ने बांटी दवाईयां

इन पर दर्ज हुई एफआईआर...

पुलिस ने यहां पदस्थ तत्कालिक बीईओ, बाबू सहित जिनके खाते में राशि डाली गई ऐसे 16 लोगों को अपराधी बनाया है। इनमें पूर्व एमआई खान, आनंदराव लोखंडे, लिपिक मोहम्मद तोसिफ खान, लेखापाल जगमोहन इवनाती, शोएब खान, जिया अहमद खान, फराज कुरेशी, मोहम्मद हसिन खान, इमरान खान, शबीना खान, अजय कुमार आम्रवंशी, शोहेल खान, साहिबा अंजुम, इम्तियाज खान, विकास धुर्वे और मुकुल साहू पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

बीईओ की लॉग इन आईडी से हुआ फर्जीवाड़ा

जुन्नारदेव में हुए प्रदेश के सबसे बड़े घोटाले में बीईओ की लॉग इन आईडी का उपयोग किया गया। 2018 से 2023 तक यहां वित्तीय गड़बड़ी की गई, जिससे तत्कालिक बीईओ अनजान बने रहें। जांच टीम ने पाया कि बिना बीईओ की मिलीभगत के ये संभव नहीं था। जिस वजह से दोनों तत्कालिक बीईओ को भी आरोपी बनाया गया है।

यह भी पढ़े -आरोपी के घर में मिली जहर की पुड़िया, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, ग्लास, चाय का कप, चादर और उल्टी का सैंपल जब्त किया

लेखापाल-बाबू तुरंत निलंबित...

बुधवार को अपराध पंजीबद्ध किए जाने के बाद गुरुवार को सहायक आयुक्त ने लेखापाल जगमोहन इवनाती और लिपिक मो. तोसिफ खान को सस्पेंड कर दिया है। लेखापाल को बीईओ कार्यालय जुन्नारदेव, तोसिफ को बीईओ कार्यालय हर्रई अटैच किया गया। वहीं तत्कालिक बीईओ एमआईखान और आनंराव लोखंडे के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजा है।

ऐसे की गड़बड़ी...

- कोरोना काल में शासकीय सेवा के दौरान कर्मचारियों की मौत हुई। जो राशि परिजनों को मिलना था वो इन फर्जी खातों में हस्तांतरित कर दी गई।

- मृतक कर्मचारी अरविंद शर्मा जिनकी मृत्यू 2021 में हुई वो राशि 76 हजार 200 उनकी धर्मपत्नी के खाते में जाना था, लेकिन जिया खान के खाते में डाली गई।

- कर्मचारी राजेंद्र परिहार की मृत्यु के बाद 8 लाख रुपए की राशि जो पत्नी को मिलना था वो फराद कुरेशी के खाते में डाली गई।

- गीता डेहरिया की मृत्यु के बाद जो राशि मनोज डेहरिया को मिलना था वो अजय कुमार आम्रवंशी के खाते में डाली गई।

- कर्मचारी पुरुषोत्तम विश्वकर्मा की मृत्यु के बाद मिलने वाली राशि इमरान खान के खाते में डाली गई। सभी में बीईओ की लॉग इन आईडी का उपयोग हुआ।

यह भी पढ़े -बेसमेंट में बना दी ऑफिस, गोदाम, दुकानें, दिल्ली हादसे के बाद भी सबक नहीं ले रहे अधिकारी

किसके खाते में डाली कितनी राशि

1. तौसीफ खान मुख्य लिपिक - 31 लाख

2. शोएब अहमद खान - 27 लाख

3. जिया अहमद खान - 25 लाख

4. फराद कुरेशी - 18.45 लाख

5. इमरान खान - 5.50 लाख

6. शबीना परवीन - 7.50 लाख

7. अजय कुमार आम्रवंशी - 7.00 लाख

8. शोहेल खान - 4.10 लाख

9. शाहिबा अंजुम - 65 हजार

10. इम्तियाज खान - 50 हजार

11. विकास धुर्वे - 32 हजार

12. मुकुल साहू - 32 हजार

इनका कहना है...

- वित्त विभाग की टीम ने जुन्नारदेव में जांच की थी। जिसमें गबन का मामला सामने आया। जांच और प्रतिवेदन रिपोर्ट पिछले दिनों कलेक्टर व छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।

- रोहित सिंह कौशल

अपर संचालक, वित्त विभाग, जबलपुर

- वित्त विभाग के जांच प्रतिवेदन के आधार पर जुन्नारदेव बीईओ द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। अलग-अलग धाराओं के तहत आरोपियों पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

- राकेश सिंह बघेल

थाना प्रभारी जुन्नारदेव

Tags:    

Similar News