महिला सरपंच और ग्रापं सदस्य 4 हजार की रिश्वत लेते धराये

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। ग्रामपंचायत के तहत किए गए खुदाई कार्य के लिए शिकायत कर्ता से 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए तहसील के अमिर्झा ग्रामपंचायत की महिला सरपंच समेत ग्रापं सदस्य को एसीबी ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मंगलवार दोपहर अमिर्झा ग्रापं कार्यालय में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में महिला सरपंच सोनाली गोकुलदास नागापुरे (32) और ग्रापं सदस्य अजय भास्कर नागापुरे (40) का समावेश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत कर्ता ठेकेदार ने अमिर्झा ग्रापं के तहत आने वाले अमिर्झा से अमिर्झा टोली तक ट्रैक्टर से मलबा फेंकने का कार्य किया था। इस कार्य के भुगतान के ऐवज में अमिर्झा सरपंच सोनाली नागापुरे और ग्रापं सदस्य अजय नागापुरे ने शिकायत कर्ता से 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बात 4 हजार रुपए में तय हुआ। लेकिन रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने के कारण शिकायतकर्ता ने इस संदर्भ में गड़चिरोली के एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की। इस विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार की दोपहर अमिर्झा ग्रापं कार्यालय परिसर में जाल बिछाया। इस बीच महिला सरपंच सोनाली नागापुरे और ग्रापं सदस्य अजय नागापुरे को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए अधिकारियों ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मामले में गड़चिरोली पुलिस थाने में मामला दर्जा किया गया। कार्रवाई एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक अनिल लोखंडे, पुलिस निरीक्षक श्रीधर भोसले, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद ढोरे, पुलिस हवलदार नत्थू धोटे, राजेश पद्मगिरवार, किशोर जौंजालकर, संदिप घोरमोडे आिद ने की।
Created On :   12 April 2023 2:57 PM IST