भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बावनकुले ने ठाकरे पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विनायक सावरकर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच भाजपा ने शिवसेना प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रेशेखर बावनकुले ने कहा है कि मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए आप कांग्रेस के साथ गए। एक बार ठाकरेपन दिखाइए, कांग्रेस का साथ छोड़िए। मेेरे सहित संपूर्ण महाराष्ट्र आपका अभिनंदन करेगा। सोमवार को बावनकुले ने संवाद माध्यम के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा-राहुल गांधी, विनायक सावरकर का अपमान कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा में सावरकर का अपमान किया गया। नाना पटोले ने भी सावरकर का अपमान किया। उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस ने 50 बार सावरकर का अपमान किया, लेकिन ठाकरे ने पद नहीं छोड़ा।
शोभा नहीं देता है
देवेंद्र फडणवीस 5 वर्ष तक मुख्यमंत्री थे। उन पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। सत्ता के माध्यम से पैसा पाना कांग्रेस व राकांपा का धर्म है। बावनकुले ने कहा कि उद्धव ठाकरे कांग्रेस-राकांपा के साथ हैं। उन्हें भ्रष्टाचार पर बोलना शोभा नहीं देता है। उन्हें आत्मपरीक्षण करना होगा। भ्रष्टाचारी के साथ रहना भी भ्रष्टाचार है।
मोदी की तुलना नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तुलना नहीं की जा सकती है। उद्धव ठाकरे ने कहा है कि उनके पिता के नाम के बजाय मोदी के नाम पर मत मांगे। बावनकुले बोले-मोदी से उद्धव ठाकरे की तुलना नहीं की जा सकती है। मोदी सूर्य हैं। 2024 में क्या होगा, देखते रहिए।
Created On :   28 March 2023 2:02 PM IST