प्रादेशिक पार्टियों को खत्म करने का षड़यंत्र रच रही भाजपा

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। शिवसेना (ठाकरे गुट) नेता व पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे ने शिवगर्जना अभियान के मौके पर सोमवार को गड़चिरोली पहुंचकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राज्य की तत्कालीन ठाकरे सरकार को गिराने के लिए उन्होंने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही राज्य की अन्य प्रादेशिक पार्टियों को खत्म करने का षडयंत्र भी भाजपा द्वारा किया जा रहा है। ईडी, सीबीआई समेत विभिन्न विभागों के माध्यम से छोटी-बड़ी पार्टियों के नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। भाजपा द्वारा शुरू किए गए इन्हीं कार्यों का भांडाफोड़ करने के लिए राज्यभर में शिवगर्जना अभियान चलाया जा रहा है।
पत्र परिषद में पूर्व सांसद खैरे ने बताया कि, भाजपा के नेताओं ने ही ईवीएम मशीनों में तकनीकी गडबड़ी की है। इसी गड़बड़ी के कारण भाजपा ने गुजरात राज्य में जीत हासिल की। लोकतंत्र को बचाने के लिए ईवीएम से चुनाव की प्रक्रिया को तत्काल बंद करने की आवश्यकता है। बैलेट पेपर के माध्यम से ही सभी प्रकार के चुनाव लेने की मांग उन्होंने इस समय की। ईवीएम मशीन को लेकर राज्यभर में आंदोलन करने की चेतावनी भी उन्होंने इस समय दी। सिरोंचा तहसील की गोदावरी नदी पर बनाए गए मेडीगड्डा बांध से तेलंगाना राज्य सुजलाम्-सुफलाम् बना लेकिन गड़चिरोली जिले के किसानों को इस बांध के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिले के सुरजागढ़ परियोजना को तत्कालीन ठाकरे सरकार ने मंजूरी प्रदान की थी।
अब उपमुख्यमंत्री फडणवीस इसका श्रेय ले रहे हैं। भाजपा की इसी गलत नीति को लोगों तक पहुंचाने के िलए शिवगर्जना अभियान चलाया जा रहा है। आगामी चुनाव में सभी पार्टियां मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगी। ऐसा विश्वास भी खैरे ने इस समय जताया। पत्र परिषद में जिला संपर्क प्रमुख किशोर पोतदार, वासुदेव कोडप, कुंभारे, शरद कोली, गड़चिरोली जिला प्रमुख वासुदेव शेडमाके, प्रकाश मारावार, स्मिता नैताम, आरती खोब्रागडे, सुनंदा आतला आदि प्रमुखता से उपस्थित थे।
Created On :   28 Feb 2023 2:35 PM IST