Madhya Pradesh: स्व. मनोहर सिंह के परिजन को मिलेगी शासकीय नौकरी- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंदसौर में हुई दुर्घटना में स्वयं की जान की परवाह न करते हुए बचाई 4 लोगों की जान

स्व. मनोहर सिंह के परिजन को मिलेगी शासकीय नौकरी- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंदसौर में हुई दुर्घटना में स्वयं की जान की परवाह न करते हुए बचाई 4 लोगों की जान
  • स्व. मनोहर सिंह के परिजन को मिलेगी शासकीय नौकरी- मुख्यमंत्री
  • दुर्घटना में स्वयं की जान की परवाह न करते हुए बचाई 4 लोगों की जान
  • 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बीते दिन मंदसौर में हुई दुर्घटना में स्वयं की जान की परवाह न करते हुए 4 लोगों के प्राणों की रक्षा करने वाले बहादुर स्व. मनोहर सिंह के परिजन को शासकीय नौकरी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनका मरणोपरांत सम्मान भी करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंदसौर निवासी मनोहर सिंह ने अपनी बहादुरी दिखाकर 4 लोगों की जान बचाई। उन्होंने मिसाल कायम की कि आज भी मानवता जिंदा है। इस तरह की बहादुरी से दूसरे लोगों को प्रेरणा मिलती है, जो मानवता की रक्षा के लिये अपनी जान की बाजी लगाते हैं। मध्यप्रदेश सरकार ऐसे सभी लोगों को नतमस्तक होकर प्रणाम करती है। इस तरह की बहादुरी और वीरता दिखाने वालों को सम्मान देने की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में गहरे कुएं में कार गिर जाने से 12 लोगों की असामयिक मृत्यु हो गयी। स्थानीय प्रशासन ने बचाव कार्य करते हुए हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिये नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिये गये हैं।

Created On :   29 April 2025 12:14 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story