बिहार सियासत: कैबिनेट विस्तार पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया, कहा- अब नीतीश कुमार को मौका नहीं मिलने वाला

- कैबिनेट विस्तार पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया
- कहा- अब नीतीश कुमार को मौका नहीं मिलने वाला
- बीते दिन बुधवार को बिहार में हुआ कैबिनेट विस्तार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बीते दिन बुधवार को नीतीश सरकार में 7 विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली। जिस पर आज (गुरुवार) बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
तेजस्वी का बड़ा बयान
RJD नेता तेजस्वी यादव ने बिहार कैबिनेट विस्तार पर कहा- इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, भाजपा में कुछ अंदरूनी मामला रहा होगा तो विस्तार हुआ है। ये आखिरी बार है जब नीतीश कुमार कैबिनेट का विस्तार कर रहे हैं, ये मौका दोबारा नहीं आने वाला है। बिहार की जनता 2025 में NDA मुक्त सरकार बनाने जा रही है, हमें पूरा भरोसा है कि इस बार हमें मौका मिलेगा।
तेजस्वी यादव ने कहा- नीतीश कुमार हमारे बुजुर्ग हैं हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन अब वे बिहार चलाने लायक सक्षम नहीं रहेंगे, वे थके हुए हैं। उनके पास न विजन है, न रोडमैप है, वे वही पुरानी योजनाएं चला रहे हैं। बिहार की जनता ने उन्हें 20 साल मौका दिया लेकिन अब जनता कह रही है कि बस बहुत हुआ।
बीते दिन बीजेपी नेता कृष्ण कुमार मंटू, विजय मंडल, राजू सिंह, संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा, सुनील कुमार और मोतीलाल प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली है।
सुनील कुमार
बिहार शरीफ से विधायक सुनील कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली है। सुनील कुमार कुशवाहा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। ये जून 2013 में बीजेपी में शामिल हुए थे और ये पेशे से डॉक्टर भी रहे हैं।
संजय सारावगी
बीजेपी विधायक संजय सारावगी ने मैथिली भाषा में शपथ ग्रहण की थी। संजय सारवगी वैश्य जाति से आते हैं।
राजू कुमार सिंह
साहेबगंज से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह ने शपथ ग्रहण किया। राजू कुमार सिंह राजपूत समुदाय से आते हैं।
मोती लाल प्रसाद
रीगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोती लाल प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली है। मोती लाल तेली समुदाय से आते हैं और ये दो बार विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।
जीवेश मिश्रा
जाले विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा ने मंत्रीमंडल की शपथ ले ली है। ये भूमिहार जाति से आते हैं। जीवेश मिश्रा 2020 से लेकर अगस्त 2022 तक श्रम मंत्री भी रहे हैं।
कृष्ण कुमार मंटू
अमनौर से बीजेपी विधायक कृष्ण कुमार मंटू ने मंत्री पद की शपथ ली है। इनका नाता कुर्मी जाति से है। मुखिया के रूप में राजनीति की शुरुआत की थी।
विजय कुमार मंडल
सिकटी सीट से बीजेपी विधायक विजय कुमार मंडल ने शपथ ग्रहण कर ली है। विजय कुमार मंडल केवट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
Created On :   27 Feb 2025 9:20 PM IST