कांग्रेस का फैसला: रायबरेली से सांसद बने रहेंगे राहुल गांधी, खरगे ने किया ऐलान- अब वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी

रायबरेली से सांसद बने रहेंगे राहुल गांधी, खरगे ने किया ऐलान- अब वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी
  • राहुल गांधी ने छोड़ी वायानाड सीट
  • प्रियंका गांधी वायनाड से लड़ेंगी उपचुनाव
  • दो घंटे तक चली दोनों सीटों को लेकर मंथन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया है। अब उनकी जगह पर वायनाड सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उपचुनाव लड़ेंगी। राहुल गांधी ने इस बार के लोकसभा चुनाव में रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों पर चुनाव लड़ा था। साथ ही, उन्होंने दोनों ही सीटों पर जीत भी हासिल की। ऐसे में उन्हें दोनों में से एक सीट को 14 दिनों के भीतर इस सीट छोड़ना था। राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से सांसद बने रहने का फैसला लिया है। इस मसले को सुलझाने कि लिए कांग्रेस में करीब घंटे तक मीटिंग चली। इसके बाद पार्टी के एक नतीजे पर पहुंची। जिसके मुताबिक, राहुल गांधी रायबरेली से सांसद बने रहेंगे। वहीं, प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी।

भावुक हुए राहुल गांधी

मीडिया से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ने जा रही हैं और मुझे विश्वास है कि वह चुनाव जीतेंगी। वायनाड के लोग सोच सकते हैं कि उनके पास संसद के 2 सदस्य हैं, एक मेरी बहन हैं और दूसरी मैं हूं। वायनाड के लोगों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले हैं, मैं वायनाड के हर एक व्यक्ति से प्यार करता हूं।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "राहुल गांधी ने 2 सीटों पर लोकसभा चुनाव जीता है। जिसके चलते उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। पार्टी ने तय किया है कि राहुल गांधी को रायबरेली की सीट रखनी चाहिए। वायनाड से खाली सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ेंगी।"

मैं बहुत खुश हूं- प्रियंका गांधी

पहली बार सांसद का चुनाव लड़ने जा रही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मैं वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने जा रही हूं। मैं वायनाड को इनकी(राहुल गांधी) कमी महसूस नहीं होने दूंगी। हम दोनों रायबरेली में भी मौजूद होंगे और वायनाड में भी।"

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा रायबरेली सीट अपने पास रखने और वायनाड सीट छोड़ने के फैसले पर कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "यह एक बेहतरीन फैसला है। हर कोई इस फैसले से खुश है। राहुल गांधी रायबरेली से सांसद रहेंगे और प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी।"

Created On :   17 Jun 2024 2:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story