हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी की पहली चुनावी सभा- किसान और आरक्षण के बहाने कांग्रेस पर साधा निशाना, पंडित नेहरू के फैसले को ठहराया गलत

कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी की पहली चुनावी सभा- किसान और आरक्षण के बहाने कांग्रेस पर साधा निशाना, पंडित नेहरू के फैसले को ठहराया गलत
  • कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी ने जनसभा को किया संबोधित
  • किसान और आरक्षण के बहाने कांग्रेस पर साधा निशाना
  • पंडित नेहरू के फैसले को ठहराया गलत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी के प्रचार के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुंचे। जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने भाषण के दौरान कांग्रेस को निशाने पर लिया और जमकर हमला किया। बता दें कि, अगले महीने 5 अक्टूबर को राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसके नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जनता की परेशानी से, जनता की समस्याओं से कांग्रेस को कभी कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में और कोई नहीं है। कांग्रेस किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है। उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाती है। सच्चाई ये है कि ये झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अगर कांग्रेस में दम है, तो वो कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी किसान योजनाएं क्यों नहीं लागू करती? कर्नाटक और तेलंगाना में विकास के सारे काम ठप हैं। कांग्रेस कट्टर बेईमान पार्टी है। कांग्रेस पार्टी की एक ही नीति है- चुनाव जीतने के लिए जनता का खजाना खाली करो। इसी तरह आप पंजाब की हालत देखिए, क्या कर दी है।"

पूर्व पीएम नेहरू की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "ये लोग एमएसपी को लेकर कितना शोर मचाते हैं, जबकि हमारा हरियाणा देश का वो राज्य है, जो 24 फसलें एमएसपी पर खरीदता है। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं। वो लोग कर्नाटक और तेलंगाना में कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदते हैं? वहां किसानों को कितना एमएसपी देते हैं? भाजपा की केंद्र सरकार ने किसान का बोझ अपने ऊपर लेने के लिए अनेक प्रयास किए हैं।"

पीएम मोदी ने कहा कि नेहरू जी जब पीएम थे, तो उन्होंने आरक्षण का विरोध किया था। और इतना ही नहीं। नेहरू जी ने ये भी कहा था कि आरक्षण वाले नौकरी पा जाएंगे तो सरकारी सेवा की क्वालिटी खराब हो जाएगी। नेहरू जी ने ओबीसी आरक्षण के लिए गठित काका कालेलकर कमीशन की रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। जब इंदिरा जी आई, तो उन्होंने भी ओबीसी आरक्षण पर रोक लगाकर रखी। जब देश ने उनको सजा दी, जनता पार्टी की सरकार बनी, तब मंडल आयोग बना। लेकिन फिर कांग्रेस आ गई और मंडल कमीशन की रिपोर्ट ठंडे बस्ते में डाल दी गई। इसके बाद राजीव जी ने भी अपनी सरकार में ओबीसी को आरक्षण नहीं मिलने दिया।

'देश की एकता पर लगातार हमला कर रही कांग्रेस'

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस कान खोलकर सुन ले। जब तक मोदी है, तब तक बाबा साहेब अंबेडकर के दिए आरक्षण में से रत्ती भर भी लूट करने नहीं दूंगा, हटाने नहीं दूंगा। ये मोदी की गारंटी है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में सबसे बड़ा दलित, ओबीसी और आदिवासी विरोधी अगर कोई है तो वो कांग्रेस का परिवार है। अभी इन लोगों ने कहा है कि अगर सरकार में आए तो दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। यही इस परिवार की सच्चाई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ ही हमेशा देश की रक्षा करने वाले जवानों को भी धोखा दिया है। ये भाजपा सरकार ही है, जिसने पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन लागू की। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस देश की एकता पर लगातार हमला कर रही है। भाजपा को बदनाम करने के लिए उसको भारत को बदनाम करने में शर्म नहीं आ रही है। इसलिए अब कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहना है।

'कांग्रेस को अब झूठ बोलने में कोई शर्म नहीं आती'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। आज तो हालत ये हो गई है कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति जी को भी सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। पूरा देश आज गणेश उत्सव मना रहा है और कांग्रेस विघ्नहर्ता की पूजा में भी विघ्न डाल रही है।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस आर्टिकल 370 को फिर से बहाल करने का समर्थन कर रही है। यानि, कुछ साल पहले तक, वहां हरियाणा के हमारे वीर सैनिकों पर जो पत्थर चलते थे, कांग्रेस उस दौर को वापस लाना चाहती है। कांग्रेस आतंक और अलगाव के उस कालखंड को वापस लौटाना चाहती है।"

पीएम मोदी ने कहा, "गांधी जी हमेशा सत्य की वकालत करते थे। आजादी के बाद कुछ सालों तक कांग्रेस पर महात्मा गांधी के संस्कारों को असर रहा लेकिन आज ये वो पुराने वाली कांग्रेस नहीं है। आज की कांग्रेस अर्बन नक्सल का नया रूप बन गई है। कांग्रेस को अब झूठ बोलने में कोई शर्म नहीं आती है। कांग्रेस हर रोज एक नया झूठ बोलती है।"

Created On :   14 Sept 2024 12:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story