हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: क्या कांग्रेस में CM बनने के लिए मच रही होड़? PM मोदी ने हुड्डा पिता-पुत्र के चुनाव लड़ने पर उठाए सवाल

क्या कांग्रेस में CM बनने के लिए मच रही होड़? PM मोदी ने हुड्डा पिता-पुत्र के चुनाव लड़ने पर उठाए सवाल
  • हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव
  • हिसार में चुनावी सभा को आयोजित करने पहुंचे पीएम मोदी
  • कांग्रेस में हुड्डा पिता-पुत्र पर जमकर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने में एक सप्ताह बाकी रह गया है। ऐसे में राजनीतिक दल और उनके दिग्गज नेता जोरों-शोरों के साथ अपने प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को हिसार में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदरखाने फूट पड़ गई है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने की खींचतान चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बापू भी दावेदार है और बेटा भी। दोनों मिलकर बाकियों को निपटाना चाह रहे हैं।

पीएम मोदी का कांग्रेस पर आरोप

इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि जहां भी कांग्रेस है उस जगह कभी भी स्थिरता नहीं आ सकती है। जिस पार्टी के नेताओं में एकता नही है, वह राज्य में स्थिरता कैसे ला सकती है? हरियाणा के लोग कांग्रेस के झूठे वादों में नहीं फंस पाएगी। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस देश की सबसे धोखेबाज और बेईमान पार्टी है। कांग्रेस दलित समाज से घृणा करती है। कांग्रेस दलितों और पिछड़ों के लिए कोई जगह नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार दलितों और पिछड़ों के आरक्षण को खत्म करना चाहता है। पार्टी की सोच ही दलितों और पिछड़ों के खिलाफ है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि चुनाव की तारीख पास आते ही कांग्रेस कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। कांग्रेस के नेता अब कह रहे हैं कि जो हाल कांग्रेस का मध्यप्रदेश में हुआ था, वैसा हरियाणा में भी होने वाला है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान में बीते विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस ने खूब झूठ का गुब्बारा फुलाया था। लेकिन जनता ने इनके गुब्बारे की हवा निकाल कर रख दी थी। इसके बाद अब एक बार फिर से हरियाणा में यही होने वाला है।

कांग्रेस पर झूठ बोलने का लगाया आरोप

पीएम मोदी ने कहा, "हरियाणा की माताओं-बहनों ने यहां एक नारा दिया है - म्हारा हरियाणा, नॉनस्टॉप हरियाणा। हरियाणा का विकास ऐसे ही नॉनस्टॉप चलते रहना चाहिए। इसलिए हरियाणा तीसरी बार भाजपा को मौका देने का मन पक्का कर चुका है। चारों तरफ से आवाज आ रही है - भरोसा दिल से, भाजपा फिर से. कांग्रेस का ये हाल इसलिए होता है, क्योंकि कांग्रेस देश की सबसे धोखेबाज और बेईमान पार्टी है। हिमाचल का इन्होंने क्या हाल कर दिया? हिमाचल में इन्होंने क्या-क्या झूठ बोला, उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। अब सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने अपने वायदों से पल्ला झाड़ लिया है।"

Created On :   28 Sept 2024 12:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story