नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव जीतने बूथ विजय संकल्प अभियान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है, इसी क्रम में शुक्रवार 10 जून को एक साथ 65 हजार से अधिक बूथों पर पार्टी ने बूथ विजय संकल्प अभियान का आयोजन किया है। राज्य में नगरीय निकाय चुनाव दलीय आधार पर होना है। इसका आशय यह है कि यह चुनाव उम्मीदवार पार्टी के चिन्ह पर लड़ेंगे, जबकि पंचायत चुनाव गैर दलीय आधार पर होना है। भाजपा दोनों ही चुनाव में अपनी जीत के लिए जमीनी स्तर पर तैयारी कर रही है।
आगामी समय में होने वाले नगरीय व पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अभियान की तैयारियों के लिए पार्टी नेताओं से विचार विमर्श किया। पार्टी ने तय किया है कि बूथों पर 10 जून शुक्रवार को बूथ विजय संकल्प अभियान चलायेगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और नगरीय निकाय चुनाव का भारतीय जनता पार्टी ने शंखनाद कर दिया है। 10 जून को एक साथ प्रदेश के 65 हजार से अधिक बूथों पर पार्टी के कार्यकर्ता बूथ विजय का संकल्प लेंगे।
बैठक के पश्चात संवाददाताओं से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव में विजय के लिए चुनावी समर में उतर चुकी है। 10 जून को औपचारिक रूप से पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर बूथ विजय का संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, जनता के कल्याण, नगरों एवं गांवों के विकास के लिए केवल भाजपा ने ही कार्य किया है। कांग्रेस ने प्रदेश को तबाह और बर्बाद किया था। हमने पुर्ननिर्माण कर नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में मध्यप्रदेश को प्रगति एवं विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम किया है।
चौहान ने कहा कि 10 जून को बूथ समिति और पन्ना समिति के कार्यकर्ता बूथ पर एकत्र होकर बूथ विजय की रणनीति बनायेंगे। विजय का संकल्प लेंगे और योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क के लिए निकल पडेंगे। इस अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता भाग लेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे भी अभियान के तहत भोपाल के एक बूथ पर पहुंचेंगे। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय एवं ग्रामीण निकाय के बूथों पर बूथ विजय संकल्प अभियान चलायेगी। पार्टी के कार्यकर्ता जीतेगा बूथ, जीतेगी भाजपा के मंत्र के साथ बूथ विजय का संकल्प लेंगे।
उन्होंने बताया कि जिलों की चुनाव प्रबंध समिति, मंडलों की टीम, बूथ त्रिदेव सहित पूरी बूथ समिति इस अभियान की तैयारी में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेतागण और कार्यकर्ता बूथ पर पहुंचेंगे और बस्तियों में जाकर योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करेंगे।
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   9 Jun 2022 7:30 PM IST