भाजपा का एलान, निषाद पार्टी और अपना दल के साथ पार्टी लड़ेगी चुनाव

- भाजपा का एलान
- निषाद पार्टी और अपना दल के साथ पार्टी लड़ेगी चुनाव (लीड-1)
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अब गंभीर हो गई है। पार्टी ने अपने सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल करना शुरू कर दिया है। इसी के तहत शुक्रवार को पार्टी की ओर से चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने अपना दल और निषाद पार्टी के साथ होने वाले इस चुनाव में गठबंधन की घोषणा की है।
शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह एलान कर दिया किया कि वो निषाद पार्टी के साथ गंठबधन करेगी और दोनों साथ में मिलकर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। शुक्रवार को निषाद पार्टी के साथ अपने गठबंधन के बाद भाजपा ने 2022 में बड़ी जीत के दावे को दोहराया। भाजपा तथा निषाद पार्टी के बीच इस दौरान सीटों के बंटवारे को लेकर कोई ऐलान नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी के साथ हमारा गठबंधन है। आज इसकी आधिकारिक घोषणा की जा रही है। भाजपा ने समाज के सभी वर्गों का विकास किया है। यूपी का चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना दल भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा होगा। इसके साथ अन्य कई दल भी हमारे सम्पर्क में हैं।
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने इस अवसर पर कहा, मैं तो बीते तीन दिन से यूपी में हूं। अब यहां निषाद पार्टी के साथ भाजपा का गठबंधन है। 2022 में हम ताकत के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हमारी इस गठबंधन में अपना दल भी साथ रहेगा। इस बार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव होगा। भाजपा ने इस बीच में बहुत सारी राजनीतिक ताकत को अपने साथ जोड़ा है। चुनाव का ताना बाना बुना है।
उन्होंने कहा कि सरकार व संगठन के काम व समन्वय के कारण हम जीतेंगे। हम सभी समाज और समुदाय को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे। निषाद पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे पर सही समय पर निर्णय होगा। अन्य कई दलों से बात चल रही हैं। प्रधान ने कहा कि मैंने तीन दिन में महसूस किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जनता का अटूट भरोसा है। यह तो दिख गया कि प्रजातंत्र में विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी होती है। 2022 में उत्तर प्रदेश की जीत महत्वपूर्ण है।
धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते साढ़े वर्ष में जितनी तरक्की कर ली है, वह अपने आप में एक मिसाल है। यहां पर शिक्षा के बड़े केंद्र स्थापित हैं। प्रधान ने कहा कि हम किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। चाहे वह एमएसपी पर कृषि उत्पाद खरीदकर, जैविक खेती को बढ़ावा देने या कृषि विपणन बुनियादी ढांचे पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च करने के लिए हो।
(आईएएनएस)
Created On :   24 Sept 2021 2:00 PM IST