मध्यप्रदेश पॉलिटिक्स: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बजट सत्र के छोटा होने पर उठाए सवाल, मोहन यादव सरकार को बताया 'डरपोक'

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बजट सत्र के छोटा होने पर उठाए सवाल, मोहन यादव सरकार को बताया डरपोक
  • नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघर ने उठाए सवाल
  • बजट सत्र के छोटे होने का लगाया आरोप
  • प्रदेश की मोहन यादव सरकार को घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में 10 मार्च से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। इसमें कुल नौ बैठकें होंगी। विपक्षी कांग्रेस ने सत्र की अवधि को लेकर असंतोष व्यक्त किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों के साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात कर सत्र का समय बढ़ाने की मांग की है।

उमंग सिंघार ने बजट सत्र पर उठाए सवाल

उमंग सिंघार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "भारतीय जनता पार्टी की सरकार डरपोक है और विपक्ष का सामना नहीं करना चाहती। वे जनता की असली समस्याओं पर चर्चा नहीं करना चाहते और जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने बजट सत्र को बहुत छोटा कर दिया है, जो मध्य प्रदेश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। यह हमारे प्रदेश की जनता के लिए बहुत दुखद है।"

उन्होंने कहा, "हमने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें, क्योंकि यहां लोकतंत्र की हत्या हो रही है। अगर भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है, तो केंद्र शासित प्रदेश का प्रस्ताव भेज देना चाहिए। फिर चुनाव की क्या आवश्यकता है? क्या ये मंत्री और मुख्यमंत्री सिर्फ चुनाव जीतने के लिए यहां आए हैं?"

भाजपा पर जमकर साधा निशाना

उन्होंने कहा, "क्या वे जनता की बात करने से डरते हैं? ये मंत्री और मुख्यमंत्री जनता की बात नहीं करना चाहते। वे सिर्फ अपने पद पर बने रहते हुए जनता के पैसे से अपनी आमदनी बढ़ाना चाहते हैं।"

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 10 से 24 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल नौ बैठकें होंगी और शेष छह दिन अवकाश होगा। कांग्रेस विधायकों का मानना है कि यह सत्र बहुत छोटा है।

Created On :   7 Feb 2025 8:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story