फेरबदल के आसार: क्या कांग्रेस करने वाली है संगठन में बड़ा बदलाव? चर्चा जोरों पर, बिहार में भी हो सकता बड़ा फेरबदल, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज

- कांग्रेस करने वाली है संगठन में बड़ा बदलाव?
- संगठन में बदलाव को लेकर चर्चा जोरों पर
- बिहार में भी हो सकता बड़ा फेरबदल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करने की तैयारी में है। इस बात की जानकारी सूत्रों ने दी है। सूत्रों का कहना है कि संगठन में फेरबदल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की बैठक हुई है। जल्द कई प्रदेशों के अध्यक्ष और प्रभारी बदले जा सकते हैं।
संगठन में धीरे-धीरे बदलाव होंगे
अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कांग्रेस के संगठन महासचिव के पद पर कोई बड़ा बदलाव करेगी या फिर नहीं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव पद को लेकर कोई बड़े बदलाव के मूड में नहीं है। बताया जा रहा है कि अचानक सभी जगह संगठन में बदलाव होने की बजाय धीरे-धीरे बदलाव होंगे। बता दें कि, हाल ही में ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ नेता भक्त चरण दास और मध्य प्रदेश के युवा विधायक विक्रांत भूरिया को पार्टी के आदिवासी विभाग का प्रमुख बनाया गया।
कई राज्यों में पार्टी नए प्रभारी नियुक्त करेगी
बिहार चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने मोहन प्रकाश की जगह नया प्रभारी नियुक्त करने का मन बना रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा, केरल, हिमाचल प्रदेश के अलावा आधा दर्जन राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने की रेस में रणदीप सिंह सुरजेवाला काफी आगे नजर आ रहे हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में पार्टी नए प्रभारी नियुक्त करेगी।
Created On :   13 Feb 2025 12:24 AM IST