भास्कर एक्सक्लूसिव: बिहार में इन चार मुद्दों पर होंगे चुनाव, सीएम नीतीश के लिए बड़ी टेंशन, क्या तेजस्वी भुना पाएंगे मौका?

  • बिहार में बेरोजगारी, महंगाई और पलायन चरम पर
  • बेरोजगारी के चलते बिहार में पलायन जारी
  • सरकारी नौकरी को लेकर युवा रहते हैं परेशान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर सभी पार्टियों ने अभी से ही तैयारियां तेज कर दी है। ऐसे में समझने की कोशिश करते हैं कि बिहार में इस बार किन मुद्दों पर चुनाव लड़ा जा सकता है। राज्य में बेरोजगारी, महंगाई और पलायन अपने चरम सीमा पर है। इसके अलावा बाढ़ की भी समस्या उत्तर बिहार में हर साल देखने को मिलती है। विपक्ष इन मुद्दों पर अभी से ही सरकार पर हमलावर है। आरजेडी नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। जिसके चलते नीतीश सरकार की टेंशन बढ़ी हुई है।

बेरोजगारी के चलते बिहार में पलायन जारी

बिहार की आबादी 13 करोड़ से अधिक है। जिस हिसाब से राज्य की आबादी है, उस हिसाब से रोजगार नहीं है। राज्य में फैक्ट्री भी ना के बराबर है। ऐसे में वहां के लोगों को महाराष्ट्र, पंजाब और दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। बिहार के बच्चे बड़े होते हैं और वह रोजगार के लिए सीधे किसी बड़े शहर का ट्रेन पकड़ लेते हैं। बिहार की लगभग आधी आबादी बाहर में ही रहती है। आलम यह है कि हर बड़े शहर में बिहारी समाज की कॉलोनी भी अलग से देखने को मिलती है।

सरकारी नौकरी को लेकर युवा रहते हैं परेशान

बिहार में सरकारी नौकरी की आस में कई सारे युवा हर साल राजधानी पटना पढ़ाई करने के लिए पहुंचते हैं। जहां वह किसी कोचिंग के जरिए सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू करते हैं। बीते कुछ सालों में सरकारी नौकरी को लेकर युवाओं ने पटना में जमकर सरकार का विरोध किया है। चाहे वह पेपर लीक मामला हो या फिर नौकरी नहीं मिलने का मामला हो। इसके अलावा अग्निवीर योजना के खिलाफ भी छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया था। कई सारे ट्रेन को भी छात्रों ने उग्र प्रदर्शन में आग के हवाले कर दिया था। जिसकी तस्वीर ने पूरे देश को हैरान कर दिया।

महंगाई की समस्या

राज्य में लोगों की कम आमदनी है। जिसके चलते राज्य में बढ़ती महंगाई वहां के लोगों पर किसी बड़ी मार से कम नहीं है। राज्य में लोग बढ़ती महंगाई से भी परेशान हैं। फैक्ट्री और उद्योग नहीं होने के चलते बिहार के लोगों के लिए वहां रहकर जीवनयापन करने के लिए कोई बड़ा साधन नहीं है।

उत्तर बिहार बाढ़ से परेशान

बिहार की लगभग आधी आबादी खेती पर निर्भर है। लेकिन उत्तर बिहार में हर साल बाढ़ की समस्या देखने को मिलती है। जिसके चलते वहां के लोग खेती नहीं कर पाते हैं। इसके अलावा वहां के लोग बाढ़ से ही परेशान होते रहते हैं। फसल पानी में खराब हो जाने के चलते भी वहां के लोगों को पलायन करना पड़ता है। केंद्र सरकार और बिहार सरकार लगातार बाढ़ समस्या को लेकर काम कर रही है। लेकिन इसका असर जमीन पर नहीं देखने को मिलता है।

बिहार में इस वक्त बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में उनके सामने दोबारा सत्ता हासिल करने की बड़ी चुनौती है। वहीं, विपक्ष में आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट है जोकि, सत्ता में वापसी करने की तलाश में हैं।

Created On :   17 Feb 2025 6:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story