केरल यात्रा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी का दावा, चुनाव परिणाम के बाद बदल गए हैं प्रधानमंत्री मोदी के तेवर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का दावा, चुनाव परिणाम के बाद बदल गए हैं प्रधानमंत्री मोदी के तेवर
  • राहुल गांधी ने बीजेपी और पीएम मोदी पर कसा तंज
  • कहा - चुनाव परिणाम के बाद बदल गए हैं पीएम के तेवर
  • चुनाव के बाद पहले केरल यात्रा पर कलपेट्टा पहुंचे राहुल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव के बाद अपनी पहली केरल यात्रा पर कलपेट्टा पहुंचा। बुधवार को कलपेट्टा में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने चुनावी परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अब वह चुनाव के पहले की तुलना में पूरी तरह से अलग नजर आ रहे हैं। एक बार फिर संविधान का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता ने भाजपा को सिखा दिया है कि वह भारत के संविधान को छू भी नहीं सकते हैं। साथ ही कांग्रेस नेता ने आने वाले दिनों में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए विभिन्न मुद्दों के लेकर भाजपा पर दवाब बनाने की भी बात कही है।

भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कलपेट्टा में एक सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। संविधान को बदलने की मंशा का आरोप लगाते हुए राहुल भारतीय जनता पार्टी पर कई बार तंज कसते रहे। उन्होंने कहा कि दस साल तक भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने संविधान पर हमला किया है। कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर एक समुदाय को दूसरे समुदाय से लड़ाने के लिए संविधान का मसौदा तैयार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा एक राष्ट्र एक संस्कृति को थोपने की कोशिश कर रही थी। राहुल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को सिखा दिया है कि वह संविधान को हाथ नहीं लगा सकते हैं और इसी वजह से पीएम मोदी के तेवर चुनाव के पहले की तुलना में बदले-बदले से नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भाजपा के नेता संविधान को उखाड़ फेंकने की बात करते थे, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद अब पीएम मोदी संविधान के बारे में चापलूसी भरी बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को सबक सिखा दिया है कि वे संविधान को छू भी नहीं सकते हैं।

उत्तर भारत में भाजपा की हार पर तंज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर भारत के कई सीटों पर लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भारत के विचार पर हमला करने के चलते भाजपा को अयोध्या सहित उत्तर प्रदेश के कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी खुद वाराणसी सीट पर कम अंतर से जीते और उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत पाने में असफल रही। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पार्टी ने इस लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के गलत विचारों को नष्ट कर दिया है। साथ ही राहुल गांधी ने आने वाले दिनों में एक मजबूत विपक्ष के तौर पर भाजपा के खिलाफ लड़ने और केंद्र सरकार पर दवाब बनाने की भी बात कही है।

Created On :   13 Jun 2024 4:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story