क्रॉस फायरिंग: मणिपुर में जारी हिंसा पर बोले मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, बताया विदेशी भाड़े के सैनिकों का हाथ

मणिपुर में जारी हिंसा पर बोले मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, बताया विदेशी भाड़े के सैनिकों का हाथ
  • तेंगनौपाल जिले के मोरेह शहर में सर्च ऑपरेशन जारी
  • पिछले साल की 3 मई से जारी है मणिपुर हिंसा
  • सीएम ने की शांति बनाए रखने की अपील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कई दिनों से जारी हिंसा को लेकर मंगलवार को दावा किया कि मोरेह शहर में सुरक्षा बलों पर हुए हमलों में म्यांमार से आए विदेशी भाड़े के सैनिकों के शामिल होने की संभावना है। न्यूज एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक सिंह ने यहां क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज करा रहे घायल सुरक्षाकर्मियों से मिलने के बाद कहा कि आतंकवादी "अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं" और सरकार उनका मुकाबला कर रही है। आपको बता दें पुलिसकर्मियों पर हमला सर्चिंग के दौरान हुआ था।

हमले को लेकर सीएम सिंह ने कहा, तलाशी और तलाशी अभियान जारी है और अतिरिक्त बल भेजा गया है। हमें म्यांमार की ओर से विदेशी भाड़े के सैनिकों के शामिल होने का कुछ संदेह है। हम ऐसी आतंकवादी गतिविधियों का मुकाबला करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मणिपुर में 12 घंटे के अंदर दूसरी बार सुरक्षाबलों और विद्रोहियों के बीच क्रॉस फायरिंग हुई है। पुलिस ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि तेंगनौपाल जिले के मोरेह शहर में सर्च ऑपरेशन जारी है। इसी दौरान दो लोगों को पकड़ा गया। उन्हें छुड़ाने के लिए विद्रोहियों ने फायरिंग की। स्थानीय महिलाओं ने पकड़े गए लोगों को छुड़ाने का प्रयास किया। सुरक्षाबलों ने भी क्रॉस फायरिंग की है। मुठभेड़ अभी भी जारी है।

आपको बता दें नए साल के पहले दिन सोमवार को मणिपुर में हिंसा हुई। ये हिंसा थौबल के लेंगोल पहाड़ी इलाके में हुई। जिसमें 4 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और 11 लोग घायल हो गए थे। खबरों के मुताबिक ये हिंसा उस समय हुई जब हमलावर लिलोंग चिंगजाओ इलाके में जबरन वसूली के लिए आए थे, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। स्थानीय लोगों ने हमलावरों को खदेड़ा, लेकिन बदमाशों ने भागते समय फायरिंग कर दी। हालांकि स्थानीय लोगों ने हमलावरों की तीन गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को पहचान कर ली है। घटना के बाद इलाके में तनाव है। मणिपुर के मोरेह में रविवार को उस समय तनाव फैल गया था जब विद्रोहियों और सुरक्षा बलों की क्रॉस फायरिंग में कुछ नागरिक घायल हो गए थे। घायलों का इलाज सुरक्षा बल के जवानों ने किया। रविवार को ही मैतेई और कुकी क्षेत्रों से कौट्रुक और कदंगबल क्षेत्रों में भी क्रॉस फायरिंग की खबरें सामने आई थीं।

सीएम एन बीरेन सिंह ने एक वीडियो संदेश में हिंसा की निंदा की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सभी मंत्रियों और सत्ता पक्ष के विधायकों की आपात बैठक भी बुलाई है।

आपको बता दें पिछले साल 3 मई से मणिपुर में हिंसा हो रही है। यहां जातीय संघर्ष में 180 से अधिक लोगों की मौतें हुईं। करीब 60 हजार लोग बेघर हो गए। मणिपुर में मई से शुरु जातीय हिंसा अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही। नए साल के मौके पर भी मणिपुर में हिंसा देखी गई । हिंसा में चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। और कई घायल हो गये। आज मंगलवार को भी पांच लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों की पहचान कर ली गई है। राज्य के पांच घाटी जिलों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया।

Created On :   2 Jan 2024 10:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story