दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: पंजाब के सीएम भगवंत मान का बड़ा दावा, कहा - 8 फरवरी को नतीजे BJP के लिए चौंकाने वाले होंगे

- दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव
- राज्य की 70 सीटों पर आप, भाजपा और कांग्रेस में भिड़ंत
- पंजाब के सीएम भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दल काफी सक्रिय हो गए हैं। सूबे में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी से लेकर विपक्ष में भाजपा और कांग्रेस जोर-शोर के साथ चुनाव अभियान में जुट गए हैं। इस दौरान राज्य की 70 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई हैं। इस कड़ी में दिल्ली के पटेल नगर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आप उम्मीदवार प्रवेश रत्न के लिए रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
भगवंत मान ने भाजपा और कांग्रेस पर कसा तंज
पंजाब के सीएम ने दावा करते हुए कहा, "दिल्ली में हम जहां-जहां जाते हैं, लोगों का एक ही नारा है कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को फिर से लाना है।" पंजाब के सीएम कहा, "दिल्ली के लोग शिक्षित हैं। 8 फरवरी को नतीजे बीजेपी के लिए चौंकाने वाले होंगे, कांग्रेस को तो पहले से ही पता है कि उन्हें क्या मिलेगा? ये जो झूठ फैलाया जा रहा है, लोगों को पता है और वो उसका जवाब दे देंगे।"
इस दौरान भगवंत मान से सवाल पूछा गया कि भाजपा के घोषणापत्र में महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा किया गया है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "पहले वो इसे 'रेवड़ी' कहते थे, अब बीजेपी 'पापड़' बांट रही है? ये इनकी हार है, इनकी बौखलाहट है। हम जो करते हैं वो करके दिखाते हैं। पंजाब में भी और दिल्ली में भी किया। हम वो कहते ही नहीं हैं, जो कर नहीं सकते हैं।"
अरविंद केजरीवाल की जमकर की प्रशंसा
भगवंत मान ने आगे कहा, "क्या आपके खाते में 15-15 लाख रुपये आ गए? आपके खाते में नहीं आया न। क्या स्विट्जरलैंड से कालाधन आ गया? ये सिर्फ जुमले सुनाते हैं।" पंजाब के सीएम ने आगे कहा, "हम राजनीति में पैसे कमाने नहीं आए हैं। आपके दिलों पर अरविंद केजरीवाल राज करते हैं। एक तरफ़ दिल्ली का बेटा अरविंद केजरीवाल है तो दूसरी तरफ़ गाली गलौज पार्टी है, उनके पास कोई मुद्दा नहीं है, जिसे 5 फरवरी को दिल्ली की जनता सबक सिखाएगी।"
Created On :   17 Jan 2025 7:16 PM IST