दिल्ली पॉलिटिक्स: 'अंग्रेजों ने तो जेल में चिट्ठी भी लिखने दी थी लेकिन ...', अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बोला तीखा हमला

- दिल्ली में शहीदी दिवस कार्यक्रम का हुआ आयोजन
- आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों को किया संबोधित
- भारतीय जनता पार्टी पर जमकर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार (23) को शहीदी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "आज के दिन को शहादत दिवस माना जाता है क्योंकि तीन बहुत बड़े स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु तीनों को आज ही के दिन अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी।"
उल्टी दिशा में गंगा बह रही है - अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "उनको पता था कि यह होने वाला है। सोचो उन्होंने 100 साल पहले बोल दिया था और आज हमारे देश के अंदर वही हो रहा है जो जो सपने स्वतंत्रता सेनानियों के मन में थे। जिन सपनों के लिए उन लोगों ने अपनी जान की कुर्बानी दे दी और इतने अत्याचार बर्दाश्त किए। आज उनका एक भी सपना पूरा नहीं हो रहा है। उल्टी दिशा में गंगा बहनी चालू हो गई है।"
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जब मै जेल में था और मुख्यमंत्री था, तब मैंने एलजी साहब को चिट्ठी लिखी थी। 15 अगस्त के मौके पर मुख्यमंत्री झंडा फहराता है। मुझे चिंता हुई की 15 अगस्त को इस बार कौन झंडा फहराएगा, तो मैंने एलजी साहब को एक चिट्ठी लिखी और आग्रह किया कि मंत्री आतिशी झंडा फहराएं। मेरी चिट्ठी अब तक नहीं पहुंचाई गई। बाद में मुझसे कहा गया जेल में मिलने वाली आपकी सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी। अंग्रेजों ने भी जेल में चिट्ठी लिखने की इजाजत दी, लेकिन तुम लोग तो उनसे भी बुरे हो।"
केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "उन्होंने 2 दिन के अंदर सबसे पहला काम यह किया कि बाबा साहेब भीमराव की ओर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की तस्वीर हटा दी। मुझे बहुत तकलीफ हुई।"
उन्होंने आगे कहा, "जिन्होंने देश की आजादी के लिए इतनी बड़ी कुर्बानियां दीं, इतने संघर्ष किए, उनको हम इस तरह से भूल जाएंगे उनकी तस्वीरें हटा देंगे। जब हम लोगों ने तस्वीरें लगाई थीं, तो कांग्रेस ने और उनके समर्थकों ने हमारी बड़ी निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि इन्होंने गांधी जी की तस्वीर नहीं लगाई। गांधी जी की तस्वीर नहीं लगाई। जब बीजेपी ने दोनों की तस्वीर हटाई तो कांग्रेस कुछ नहीं बोली। यह तो दोनों का घाल मेल चल रहा है।"
Created On :   23 March 2025 7:30 PM IST