राजनीति: पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए विहिप ने किया यज्ञ

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी। इन हत्याओं के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करने के लिए गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित आर्य समाज मंदिर में राष्ट्र रक्षा यज्ञ आयोजित किया। इस यज्ञ का उद्देश्य शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करना था।
वैदिक मंत्रों के साथ यज्ञ में आहुतियां देने के बाद विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि हमलावर आतंकियों और उनके समर्थक पाकिस्तान को सबक सिखाने का कार्य हमारे देश के सक्षम नेतृत्व ने शुरू कर दिया है। अब देशवासियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने आसपास पल रहे आस्तीन के जिहादी सांपों को ठीक से पहचान कर उन्हें बेनकाब करते हुए शीघ्र सुरक्षा बलों के हवाले करें।
उन्होंने आगे कहा कि अब केवल घटना की निंदा करना पर्याप्त नहीं है। हिंसा, आतंकवाद और घृणा फैलाने वाले जहरीले सांपों को बिलों में से निकालकर उनके फन कुचलने होंगे। अब खून और पानी का खेल साथ-साथ नहीं चलेगा। जितने भी पाकिस्तानी नागरिक या पाक परस्त मानसिकता के लोग हों, उन सभी को जल्द सीमा पार खदेड़ना होगा। इसके लिए हमें शासन, प्रशासन और सरकारों के नाक, कान और आंख बनना होगा।
वैदिक विदुषी दर्शनाचार्या विमलेश आर्या के ब्रह्मत्व में आयोजित इस राष्ट्र रक्षा यज्ञ में पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। साथ ही, दोषियों को कठोर दंड दिलाने के लिए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह संजय सीकरिया, विश्व हिंदू परिषद दक्षिण दिल्ली के मंत्री राधाकृष्ण, सेवा भारती की प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य प्रकाश मिश्र, आर्य समाज संतनगर के मंत्री डॉ. वरुण कुमार, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सूद व ट्रस्टी राज रानी, कमला नेहरू कॉलेज के समाजसेवी प्रो. डॉ. अंकुर राज, कौशलेश, विजपाल कौशिक, छोटे लाल, हितेश आर्या सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2025 12:50 PM IST