राष्ट्रीय: भगवान राम के पदचिन्हों को स्थायी स्वरूप देगा ‘श्रीराम स्तंभ’
अयोध्या, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भगवान श्रीराम की ऐतिहासिक पदयात्रा को चिरस्थायी स्मारक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्रीराम सांस्कृतिक शोध संस्थान न्यास और अशोक सिंहल फाउंडेशन द्वारा ‘श्रीराम स्तम्भ’ अभियान शुरू किया गया है।
इसी के अंतर्गत दो दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकर्ता सम्मेलन का शुभारंभ अयोध्या के कारसेवकपुरम में हुआ। इस सम्मेलन में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि श्रीराम वनगमन मार्ग पर चिन्हित 292 महत्वपूर्ण स्थलों पर श्रीराम स्तम्भ की स्थापना की जाएगी। यह मार्ग भारत से नेपाल और श्रीलंका तक फैली हुई भगवान श्रीराम की लगभग 5000 किमी लंबी पदयात्रा को दर्शाता है।
चम्पत राय ने बताया कि यह शोधकार्य डॉ. राम अवतार शर्मा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें वाल्मीकि रामायण और अन्य ग्रंथों की सहायता से प्रत्येक स्थल की ऐतिहासिकता की पुष्टि की गई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग की पहचान आसान नहीं थी। भूगोल, संस्कृति और भाषा की विविधताओं के बीच यह एक कठिन तपस्या की तरह था।
श्रीराम स्तम्भ की संरचना पर विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह स्तम्भ 15 फीट ऊंचा, ढाई फीट चौड़ा और 5 फीट आधार वाला होगा, जिसका भार लगभग 12 टन है। स्तम्भ के शीर्ष पर साढ़े पांच फीट ऊंचा पीतल निर्मित ध्वज प्रतिष्ठित होगा। इसमें संस्कृत, हिन्दी और स्थानीय भाषा में स्थल की महत्ता तथा भगवान श्रीराम के उससे संबंध का विवरण अंकित होगा। साथ ही, सूर्यवंश के प्रमुख प्रतीकों को भी उकेरा जाएगा।
सम्मेलन में यह भी बताया गया कि इन स्थलों और उनके ऐतिहासिक-पौराणिक विवरणों पर आधारित एक भव्य कॉफी टेबल बुक भी तैयार की जा रही है, जो भावी पीढ़ियों के लिए एक दस्तावेज का कार्य करेगी। सम्मेलन में देशभर से आए श्रीराम के अनुयायी, शोधकर्ता और कार्यकर्ता इस अभियान को जनसहयोग से गति देने की दिशा में रणनीति बना रहे हैं, जिससे श्रीराम के पदचिन्हों को युगों तक संरक्षित और स्मरणीय रखा जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 April 2025 11:47 PM IST