राजनीति: महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज के विचारों पर चलता है शासन विधायक संजय उपाध्याय

मुंबई, 4 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने मंगलवार को कहा कि राज्य में छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों के आधार पर सरकार चल रही है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस किसी भी प्रकार के अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने औरंगजेब पर समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी के बयान को लेकर भी नाराजगी जताई।
संजय उपाध्याय ने महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आजमी द्वारा औरंगजेब पर दिए बयान पर कहा कि उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा रही है। औरंगजेब ने हजारों मंदिरों को तोड़ा, किसानों की फसलों को लूटा और हिंदू महिलाओं के साथ बलात्कार करवाए। ऐसे व्यक्ति को आदर्श कैसे माना जा सकता है, यह समझ से परे है।
अबू आजमी के बयान पर विधानसभा में हुए हंगामे पर उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही रोकने से काम नहीं चलेगा, सपा विधायक का निलंबन ही एकमात्र विकल्प है। उनका कहना था कि महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज, धर्मवीर संभाजी महाराज और महाराणा प्रताप के विचारों का पालन किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग इतिहास को गलत तरीके से पेश करते हैं, जैसे कि अबू आजमी ने औरंगजेब को महिमामंडित किया, उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
संजय उपाध्याय ने यह भी कहा कि हमें अपने बच्चों को सही इतिहास सिखाना चाहिए, और जो पन्ने इतिहास से गलत तरीके से जोड़े गए हैं, उन्हें हटाना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने यह भी जोर दिया कि छत्रपति शिवाजी महाराज, धर्मवीर संभाजी महाराज और महाराणा प्रताप का इतिहास ही बच्चों को सिखाया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अबू आजमी ने अपने बयान में कहा था, "औरंगजेब ने कई मंदिरों का निर्माण करवाया था। वाराणसी में एक हिंदू बच्ची को उन्होंने एक पुजारी के गलत इरादों से बचाया और उस पुजारी को हाथियों से कुचलवा दिया। मैं औरंगजेब को क्रूर नहीं मानता। उस समय सत्ता की लड़ाई राजनीतिक थी, धार्मिक नहीं। औरंगजेब की सेना में कई हिंदू सैनिक थे, ठीक वैसे ही जैसे छत्रपति शिवाजी की सेना में कई मुस्लिम शामिल थे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 March 2025 5:53 PM IST