राजनीति: सिखों का नरसंहार, आपातकाल और संविधान को कलंकित करने का कांग्रेस का रहा है इतिहास भाजपा

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने अपने लेख में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा है कि लोकसभा चुनाव के नतीजों से पीएम मोदी उबर नहीं पाए हैं, जिसमें एनडीए कमजोर जनादेश के साथ सत्ता में लौटी है। प्रधानमंत्री ऐसे काम कर रहे हैं जैसे कुछ बदला ही नहीं। वह आम सहमति के मूल्य का उपदेश देते हैं लेकिन टकराव का रास्ता अपनाते हैं।
सोनिया गांधी के इस लेख के बाद सियासत गरमा गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि सोनिया गांधी आज भी विकृत सांप्रदायिक सोच का शिकार हैं, यह उनके लेख में पढ़ा जा सकता है। बंगाल में उनके सहयोगी दल टीएमसी के कार्यकर्ता ने भाजपा की मुस्लिम कार्यकर्ता को इस लिए घसीटा, क्योंकि उसने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। ऐसी घटनाओं पर सोनिया गांधी मौन साध लेती हैं। कांग्रेस सरकार में दस हजार सिखों का नरसंहार हुआ, आपातकाल लगाया गया। कांग्रेस ने संविधान को कलंकित करने का काम किया है।
वहीं जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में जीत हार होती रहती है। सोनिया गांधी, कांग्रेस के इतिहास को कलंकित मत करिए। आपको पता नहीं है कि जब पी.वी. नरसिम्हा राव कांग्रेस के प्रधानमंत्री थे, तब उनके पास कितने सांसद थे। मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री बने, कांग्रेस के कितने सांसद थे। कम से कम अपना चेहरा देख लें। दोनों गांधी परिवार के सदस्य नहीं थे लेकिन कालचक्र में जो घटनाएं हुई है, उसमें पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह को अपमानित मत करिए।
इससे पहले भाजपा राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के लेख पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि उनका यह लेख राजशाही और तानाशाही मानसिकता का परिचायक है।
सिरसा ने कहा कि आज सोनिया गांधी ने एक लेख लिखकर यह कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 240 सीट मिलने के बावजूद यह उनकी व्यक्तिगत हार है। उन्हें बड़ी हैरानी होती है कि पिछले 30 साल में जो कांग्रेस कभी भी 240 सीटों का आंकड़ा टच नहीं कर पाई, यहां तक कि पिछले तीन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली सारी सीटों को मिला कर भी जिसका आंकड़ा 240 तक नहीं पहुंचता वह कांग्रेस 99 सीट को भी अपनी जीत और 240 सीट को पीएम मोदी की हार बता रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jun 2024 4:49 PM IST