समाज: पहलगाम हमले के बाद महाराष्ट्र लौटेंगे 232 पर्यटक, फडणवीस सरकार ने किया विशेष उड़ानों का प्रबंध

मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद महाराष्ट्र के पर्यटकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए राज्य सरकार ने विशेष उड़ानों की व्यवस्था की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर अब तक लगभग 500 पर्यटक श्रीनगर से मुंबई लौट चुके हैं। आज इंडिगो की तीसरी विशेष उड़ान 232 पर्यटकों को लेकर दोपहर में श्रीनगर से रवाना होगी और शाम को मुंबई पहुंचेगी।
पहलगाम के बैसरन वैली में हुए इस आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें महाराष्ट्र के छह पर्यटक भी शामिल थे। इस घटना के बाद कश्मीर में फंसे पर्यटकों में दहशत फैल गई, जिसके चलते महाराष्ट्र सरकार ने तुरंत उनके लौटने की व्यवस्था की।
गुरुवार को इंडिगो और एयर इंडिया की दो विशेष उड़ानों के जरिए 184 पर्यटकों को श्रीनगर से मुंबई लाया गया। इनमें से एक उड़ान में 65 पर्यटक सुबह मुंबई पहुंचे थे। सभी खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है।
आज की तीसरी विशेष उड़ान (इंडिगो 6E 3251) 232 पर्यटकों को लेकर शाम 5:45 बजे मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर उतरेगी। इस उड़ान में शामिल यात्रियों की सूची राज्य सरकार ने पहले ही जारी कर दी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल इस पर निगरानी रख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर और विशेष उड़ानें संचालित की जाएंगी ताकि सभी पर्यटक सुरक्षित घर लौट सकें।
महाराष्ट्र सरकार ने श्रीनगर में फंसे पर्यटकों की सहायता के लिए वरिष्ठ बीजेपी नेता और मंत्री गिरीश महाजन को वहां भेजा है। मुंबई हवाई अड्डे पर व्यवस्था संभालने के लिए बीजेपी नेता आशीष शेलार और मंगल प्रभात लोढ़ा को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, सरकार ने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई किराए को नियंत्रित करने के लिए पहले ही एयरलाइंस को निर्देश जारी कर दिए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2025 10:23 AM IST