Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 15 April 2025 1:00 AM IST
हिमाचल प्रदेश पांवटा साहिब में मंत्री हर्षवर्धन ने सुनी जन समस्याएं
हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को पांवटा साहिब के लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में लोगों की समस्याएं सुनीं और अनेक मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जनसुनवाई की। यह अवसर लोगों के लिए राहत भरा रहा, क्योंकि उन्हें अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिला। इस जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों से आए लोगों ने अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को रखा, जिनमें सड़क, बिजली, पानी, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी मांगें प्रमुख रहीं।
- 15 April 2025 12:38 AM IST
IPL 2025 - फिर एक बार दिखा 'धोनी रिव्यू सिस्टम' का करिश्मा
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के 'धोनी रिव्यू सिस्टम' के बारे में तो सभी को पता ही होगा। एक बार फिर से 'धोनी रिव्यू सिस्टम' चर्चा में आ गया है। माही के आंखों से बच पाना लगभग नामुमकिन है, इसका लाइव उदाहरण बीते सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में देखने को मिला। ये मामला तब का है जब एलएसजी के बल्लेबाज निकोलस पूरन को अंपायर ने नॉट आउट करार दिया था लेकिन इसके बाद माही ने रिव्यू लेने का फैसला किया और अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा था।
- 15 April 2025 12:04 AM IST
लखनऊ लोकबंधु अस्पताल में लगी आग
उत्तर प्रदेश की राजधानी के लखनऊ में सोमवार को रात्रि लोकबंधु अस्पताल में आग लग गई। आग दूसरे तल पर थी। जब तक मरीज समझ पाते तब वह बढ़ती चली गई। हालांकि घटना में अभी तक कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे है। उन्होंने बताया कि 200 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है।
- 14 April 2025 11:27 PM IST
IPL 2025 - CSK ने 5 विकेटों से हासिल की जीत
आईपीएल 2025 के 30वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 विकेटों से जीत हासिल कर ली है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने होमग्राउंड यानी ईकाना स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेटों के नुकसान पर 166 रन बनाए थे। इसी के साथ उन्होंने सीएसके के सामने 167 रनों का टारगेट सेट किया था। इसके जवाब में मैदान में उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 विकेटों के नुकसान पर 19.3 ओवरों में चौके के साथ मुकाबले में जीत हासिल कर ली।
- 14 April 2025 11:17 PM IST
IPL 2025 - रोमांचक मोड़ पर पहुंचा CSK और LSG के बीच मुकाबला
आईपीएल 2025 के 30वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने हैं। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 7 विकेटों के नुकसान पर 167 रनों का टारगेट सेट किया था। इस टारगेट का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 ओवरों में 5 विकेटों के नुकसान पर 143 रन बना लिए हैं। अब चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी 2 ओवरों में 24 रनों की जरूरत है। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से इस वक्त शिवम दुबे और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी स्ट्राइक पर खड़े हैं।
- 14 April 2025 11:03 PM IST
विक्रमोत्सव 2025 कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विक्रमोत्सव 2025 कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कहा, "3D और ऑडियो-विजुअल का इस्तेमाल किया गया है, सिर्फ इतना ही नहीं, हमारे घुड़सवार जमीन पर तैनात हैं। ऐसा लग रहा है जैसे हम इतिहास देख रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मेरी शुभकामनाएं।"
- 14 April 2025 10:58 PM IST
दिल्ली में संपन्न हुआ सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "आज यहां सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का तीन दिवसीय मंचन संपन्न हुआ। मेरी ओर से, दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे प्रदेश की 'विरासत से विकास की ओर' तक का कार्यक्रम हुआ। इसमें विकास की तमाम प्रदर्शनियां भी लगाई गईं और विक्रमादित्य महानाट्य के 2,000 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया गया।"
- 14 April 2025 9:38 PM IST
A, B, C, D, E, F, G, H कोई भी हों, कानून को अपने हाथ में न लें- सीएम ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "पहला बैसाख से पहले, मैं आप सभी से कहूंगी कि सभी को अनुमति के साथ शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन करने का अधिकार है, लेकिन कृपया, चाहे आप A, B, C, D, E, F, G, H कोई भी हों, कानून को अपने हाथ में न लें। कानून की रक्षा के लिए उसके रक्षक हैं, हमें कानून के भक्षक नहीं चाहिए।"
- 14 April 2025 8:14 PM IST
बिहार के बांका में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बहियार इलाके में 11 अप्रैल को विलासी नहर में सिर कटा एक शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान केन्दुआर निवासी बिहारी यादव (पुत्र स्व. गेणु यादव) के रूप में हुई। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी रिंकू कुमारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
- 14 April 2025 7:53 PM IST
IPL 2025 - LSG को पॉवर प्ले में लगे दो बड़े झटके
आईपीएल 2025 के 30वें मुकाबले में सीएसके और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने हैं। लखनऊ के ईकाना स्टेडियम में एलएसजी पहले बल्लेबाजी करने उतरी। इस दौरान एलएसजी की टीम को पॉवर प्ले में ही दो बड़े झटकों का सामना करना पड़ा। टीम को पहला झटका पहले ओवर की आखिरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज एडेन मार्कराम के विकेट के तौर पर लगी थी। वहीं, उन्होंने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन के तौर पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया है।
Created On :   14 April 2025 8:00 AM IST