Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 10 April 2025 6:57 PM IST
वक्फ कानून की आड़ में देश को दंगों की आग में झोंकने से बाज आए सेक्युलर-जिहादी गठजोड़ विहिप
विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल का मुर्शिदाबाद लगातार चौथे दिन दंगों की आग में झुलस रहा है। आज देशभर में दंगे भड़काने की धमकियां दी जा रही हैं। जिस वक्फ कानून का वे विरोध करना चाहते हैं, उन्हें पता है कि उस कानून के पास होने से किसी की मस्जिद और दरगाह नहीं छिनेगी। वक्फ बोर्ड के नाम पर सक्रिय भू-माफिया ने जो कई सालों से अरबों की संपत्ति को अपने कब्जे में लिया था, वह छिनेगी। उनकी लूट बंद हो सकती है।
- 10 April 2025 6:23 PM IST
दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो कुख्यात स्नैचर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो कुख्यात स्नैचरों को गिरफ्तार किया। दोनों स्नैचरों की पहचान गोलू उर्फ भोलू और अरुण उर्फ छोटा लुंगी के रुप में हुई, जो दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
- 10 April 2025 6:09 PM IST
हाथरस लाडपुर में बदमाशों ने मेडिकल संचालक को गोली मारी, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के लाडपुर कस्बे में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मार दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बदमाशों को फायरिंग करते देखा जा सकता है।
- 10 April 2025 5:45 PM IST
रांची में भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में फरार शूटर सहित चार गिरफ्तार
रांची पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनिल महतो टाइगर की हत्या करने वाले फरार शूटर अमन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक की जांच में यह खुलासा हुआ है कि उनकी हत्या एक जमीन पर मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद में हुई थी।
- 10 April 2025 5:34 PM IST
मुरादाबाद में भी अटल आवासीय विद्यालय की बिल्डिंग तैयार, सीएम योगी करेंगे शुभारंभ
निर्माण श्रमिकों के बच्चों और कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में अटल आवासीय विद्यालयों की शुरुआत की थी। उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
- 10 April 2025 5:18 PM IST
तहव्वुर राणा को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता उदित राज ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा की भारत वापसी पर गुरुवार को कहा कि उसे तो 11 साल के बाद भारत लाया जा रहा है, लेकिन दाऊद इब्राहिम, डेविड हेडली, नीरव मोदी, विजय माल्या और मेहुल चोकसी कहां हैं?
- 10 April 2025 5:08 PM IST
बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर साधा निशाना, बताया पार्टी की समस्या
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी के लिए सबसे बड़ी समस्या राहुल गांधी हैं। गुजरात में कांग्रेस के अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि कांग्रेस से उन नेताओं को रिटायर हो जाना चाहिए जो अब प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। भाजपा ने खड़गे के इस बयान को राहुल गांधी के साथ जोड़ा है। भाजपा का मानना है कि खड़गे ने यह बयान राहुल गांधी के संदर्भ में दिया है।
- 10 April 2025 4:54 PM IST
देश में ज्यादा गर्मी और तेज इंडस्ट्रियल ग्रोथ से बढ़ी भारत में ऊर्जा की मांग
भारत की ऊर्जा मांग में मार्च में इजाफा देखने को मिला है। इसकी वजह तापमान में वृद्धि और इंडस्ट्रियल एवं कमर्शियल गतिविधियों में इजाफा होना है। यह जानकारी क्रिसिल इंटेलिजेंस द्वारा गुरुवार को जारी रिपोर्ट में दी गई। मार्च में औसत तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जो कि 30 वर्षों (1991-2020) के औसत तापमान 24.71 डिग्री से अधिक है।
- 10 April 2025 4:46 PM IST
डब्ल्यूटीसी फाइनल से पहले ही दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट कप्तान बावुमा की कोहनी हुई चोटिल
दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से दो महीने पहले कोहनी में चोट लग गई है। बावुमा को क्रिकेट साउथ अफ्रीका के चार-दिवसीय सीरीज के प्रथम श्रेणी फाइनल में लायंस के लिए टाइटंस के खिलाफ खेलने की उम्मीद थी, जो गुरुवार को वांडरर्स में शुरू हो रहा है। लेकिन, वह जोहान्सबर्ग नहीं पहुंचे। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, लायंस को बुधवार देर रात पता चला कि बावुमा हल्की चोट के कारण मैच नहीं खेल पाएंगे। चैंपियंस ट्रॉफी के समापन के बाद से बावुमा ने किसी भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया है। हालांकि, वह पिछले सप्ताह नाइट्स के खिलाफ ब्लोमफोंटेन में खेले गए मैच के लिए लायंस की टीम का हिस्सा थे। इस मैच को रद्द कर दिया गया था।
- 10 April 2025 4:13 PM IST
रूस-यूक्रेन संघर्ष में ड्रोन सबसे ज्यादा हैं घातक हथियार- राजनाथ सिंह
यूक्रेन-रूस संघर्ष में ड्रोन एक नए सैन्य हथियार के रूप में उभरे हैं। सैनिकों और उपकरणों की अधिकांश हानि पारंपरिक तोपखाने या बख्तरबंद वाहनों के कारण नहीं, बल्कि ड्रोन के कारण हुई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को यह बात कही। वह वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेस स्टॉफ कॉलेज (डीएसएससी) में भारत और मित्र देशों के सशस्त्र बल अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य उभरती हुई तकनीकें प्रतिरोध और युद्ध में क्रांति ला रही हैं। युद्ध के मैदानों में तकनीकी नवाचार की शक्ति विस्मयकारी है।
Created On :   10 April 2025 8:00 AM IST