पंजाब के महारैली में शामिल हुआ लाल किले पर हिंसा में शामिल लक्खा सिधाना, पुलिस की नाक के नीचे से हुआ फरार

- 2 मुख्य आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया
- भीड़ के कारण गिरफ्तार करने में नाकाम रही पुलिस
- लक्खा समेत 5 उपद्रवियों को तलाश रही दिल्ली पुलिस
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में 26 जनवरी को हुई ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा का आरोपी लक्खा सिधाना मंगलवार को पंजाब में आयोजित किसान महारैली में पहुंचा और फरार भी हो गया। बठिंडा के गांव महराज में हुई रैली में बड़ी संख्या में पंजाब पुलिस मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद लक्खा सिधाना मंच से फरार होने में कामयाब हो गया। दिल्ली हिंसा के आरोपी सिधाना पर एक लाख का इनाम घोषित है।
बता दें कि बठिंडा जिले का मेहराज मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का पैतृक गांव है और लक्खा सिधाना भी इस इलाके का रहना वाला है। बठिंडा के गांव महराज में हुई रैली में बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद थी, बावजूद इसके लक्खा सिधाना मंच से फरार होने में कामयाब रहा। इससे पहले लक्खा ने दिल्ली पुलिस को सोशल मीडिया पर खुली चुनौती दी थी। उसने कहा था कि वह 23 फरवरी को बठिंडा के मेहराज में रोष रैली में शामिल होगा। दिल्ली पुलिस में दम है, तो उसे गिरफ्तार करके दिखाए।
दीप सिद्धू 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर
दिल्ली हिंसा के मुख्य आरोपी सिधाना पर एक लाख का इनाम घोषित है। साथ इसके अन्य मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को तीस हजारी कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिल भेज दिया है। सिद्धू की सात दिन की पुलिस रिमांड मंगलवार को खत्म हो रही है।
भीड़ के कारण गिरफ्तार करने में नाकाम रही पुलिस
रैली के प्रबंधक बाबा हरदीप सिंह ने बताया कि लक्खा सिधाना रैली में आया था। इसके बाद वह मंच पर भी गया और फिर वहां से चला गया। सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर लक्खा को रैली से गिरफ्तार नहीं किया जा सकता था, क्योंकि वहां पर लोगों का बड़ा हुजूम था।
लक्खा समेत 5 उपद्रवियों को तलाश रही दिल्ली पुलिस
दरअसल दिल्ली पुलिस ने लाल किला हिंसा मामले में कई लोगों पर एक-एक लाख और 50-50 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी। इस सूची में जगबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह व इकबाल सिंह के नाम शामिल है। अब तक दिल्ली पुलिस दीप सिद्धू, इकबाल सिंह व सुखदेव सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन, अभी भी पांच अन्य उपद्रवियों की तलाश जारी है। इसमें लक्खा सिधाना नाम भी शामिल है।
2 मुख्य आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया
इसे पहले दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने लाल किला हिंसा मामले के 2 मुख्य आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इनका नाम मोहिंदर सिंह खालसा और मनदीप सिंह है। दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। इनमें से एक ओरोपी मोहिंदर सिंह यूनाइटेड किसान फ्रंट जम्मू-कश्मीर का अध्यक्ष है।
Created On :   23 Feb 2021 9:55 PM IST