अप्रैल शुरू होते ही चिलचिलाती धूप और गर्मी से बढ़ेंगी लोगों की मुश्किलें, इन राज्यों में 40 डिग्री के पार होगा पारा!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारतीय राज्यों में अप्रैल माह शुरू होने से पहले ही गर्मी बढ़नी शुरू हो गई है। चिलचिलाती धूप में लोगों को बाहर निकलने के लिए सोचना पड़ रहा है। गर्म हवाएं भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार और गुजरात समेत कई राज्यों में एक अप्रैल से और गर्मी बढ़ने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री के पार जाने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है। जबकि पूर्वात्तर राज्यों असम, अरूणाचल प्रदेश और मेघालय में आगामी दिनों में भारी बारिश होने की संभावना बताई गई है।
गर्म हवा से बढ़ेंगी मुश्किलें
देशभर में प्रचंड गर्मी और गर्म हवा की शुरूआत हो चुकी है। लोगों को दिन में घर से बाहर निकलने पर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, दोपहर में चल रही गर्म हवा ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। सुबह सूरज निकलने के साथ ही तपिश बनी रहती है। भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आगामी 4 से 5 दिनों के दौरान मध्य और पश्चिम भारत में गर्म हवा चलने की संभावना है। इनमें छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात और गोवा समेत कई राज्य शामिल हैं। अगर मौसम विभाग का अनुमान सही रहा तो लोगों को भीषण गर्मी सहने के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
इन राज्यों को ज्यादा झेलनी पड़ सकती है तपिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल के शुरूआत में ही दिल्ली का तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है। ज्यादा तपिश वाले राज्यों में दिल्ली के अलावा यूपी, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर भारत के अन्य राज्य भी शामिल हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन राज्यों में तापमान बढ़ेगा और गर्म हवाएं भी लोगों को परेशान कर सकती हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 31 मार्च से 3 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा का आसार है। इसके पीछे बंगाल की खाड़ी से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव समझा जा सकता है। देश में जहां पूर्वात्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। तो वहीं उत्तर भारतीय राज्यों में गर्म हवा और तेज धूप के आसार है। हालांकि दोनों ही खबरें सुकून देने वाली नहीं है।
Created On :   31 March 2022 6:29 PM IST