दिल्ली में 800 स्थानों पर 4 लाख लोगों के भोजन का बंदोबस्त : केजरीवाल

- दिल्ली में 800 स्थानों पर 4 लाख लोगों के भोजन का बंदोबस्त : केजरीवाल
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रवासियों से आग्रह किया कि वे लॉकडाउन के दौरान शहर छोड़कर न जाएं, और दिल्ली सरकार चार लाख से अधिक लोगों के लिए 800 से अधिक स्थानों पर दोपहर और रात का भोजन उपलब्ध करा रही है।
केजरीवाल ने एक डिजिटल प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने स्कूलों में 568 हंगर रिलीफ सेंटर खोले हैं और इसके अलावा 238 रैनबसेरों में हंगर रिलीफ सेंटर चल रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, हमारे पास चार लाख लोगों को दोपहर और रात का खाना खिलाने की क्षमता तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि इसके अलावा उन लोगों को भोजन पहुंचाने के लिए मोबाइल बैन तैनात किए गए हैं, जो निधरारित स्थानों पर नहीं पहुच सकते।
मुख्यमंत्री ने कहा, लेकिन अभी भी कुछ समस्याएं हैं, और हमें उम्मीद है कि एक-दो दिन में वे भी सुलझ जाएंगी।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक और पार्टी कार्यकर्ता प्रवासियों से मिल रहे हैं और कई सारे प्रवासियों को रोकने में सफल हुए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि लगभग 1000 राशन की दुकानों पर राशन पहुंच गया है और जल्द ही उसे वितरित कर दिया जाएगा।
Created On :   28 March 2020 8:30 PM IST