बिहार: खगड़िया में सरकारी स्कूल की दीवार गिरी, 6 मजदूरों की मौत, 3 की जान बचाई, 3 लापता

डिजिटल डेस्क, खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूल की दीवार गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे 12 लोगों के दबे होने की जानकारी मिली है। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। अब भी तीन लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। 2 JCB मशीनों से मजदूरों की तलाश की जा रही है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी संवेदना व्यक्त की है।
घटना के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। राहत और बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीटोला गांव स्थित मध्य विद्यालय के पास ही पंचायत समिति की ओर से एक नाले का निर्माण कराया जा रहा था। इस दौरान जेसीबी से नाले के लिए खुदाई की जा रही थी। नाला खोदने के लिए स्कूल की चहारदीवारी को जड़ तक खोद दिया गया था। स्कूल की दीवार कमजोर बनी हुई थी। जड़ तक खोद देने से वह गिर गई।
हादसे में इनकी मौत हुई
- प्रमोद पासवान 40, पिता फूलो पासवान चैधा बन्नी
- ललित कुमार शर्मा 25, पिता विदेश्वरी शर्मा चैधा बन्नी
- छैला तांती 30, पिता श्री तांती काश नगर बेलदौर नाना के यहां चैधा बन्नी में
- शिवशंकर सिंह 25, पिता शैलेंद्र सिंह, हरदयाल न्यूज बन्नी
- ज्ञानदेव पासवान 25, पिता बिजो प्रसाद, चैधा बन्नी
- झुलन तांती 25, पिता नित्यानंद तांती चैधा बन्नी
मरने वालों की संख्या में और वृद्घि हो सकती है
घटनास्थल पर पहुंचे गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी सुभाष चंद्र मंडल ने बताया कि इस घटना में छह मजदूरों की मौत हो चुकी है तथा तीन मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मलबा हटाने का कार्य चल रहा है।
डीएम-डीएसपी मौके पर पहुंचे
इधर, घटनास्थल पर DM शत्रुंजय मिश्रा, DSP, गोगरी SDO सहित आला अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने मरने वालों की संख्या में और वृद्घि होने की आशंका जताई है।
नाला निर्माण में लगे मजदूरों ने गंवाई जान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, वे सभी मजदूर हैं। ये सभी लोग नाले के निर्माण का काम कर रहे थे। लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
Created On :   8 March 2021 8:27 PM IST