- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुर्तिजापुर
- /
- माल ढुलाई-यात्री आटो के बीच भिड़ंत,...
माल ढुलाई-यात्री आटो के बीच भिड़ंत, दो की मौत, 3 घायल

डिजिटल डेस्क, मूर्तिजापुर। दर्यापुर मार्ग पर सिरसो फाटा के पास माल ढुलाई तथा यात्री आटो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में आटो में सवार एक 6 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मूर्तिजापुर कारंजा मार्ग पर स्थित सभागृह में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अमरावती निवासी गायकवाड परिवार आया था। विवाह संपन्न होने के पश्चात यह परिवार दर्यापुर से अमरावती जाने के लिए आटो क्रमांक एम एच 27 बीडब्ल्यू 3041 में सवार हुए थे। इसी बीच मूर्तिजापुर दर्यापुर मार्ग पर स्थित सिरसो फाटे के समीप 4.30 बजे के दौरान दर्यापुर से मूर्तिजापुर की ओर आ रहे माल ढुलाई टाटा एस क्रमांक एम एच 30 एव्ही 0378 से आटो की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 6 वर्षीय बालिका अंकिता गणेश गायकवाड की मौत हो गई। जबकि 45 वर्षीय गणेश महादेव गायकवाड, 34 वर्षीय सुधीर खडसे, 45 वर्षीय वत्सला दीपक इंगोले तथा 35 वर्षीय भारती गणेश गायकवाड गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए लक्ष्मीबाई उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इलाज के लिए अमरावती रवाना किया गया। उपचार के दौरान वत्सला इंगले ने भी दम तोड़ दिया।
Created On :   23 Nov 2021 5:38 PM IST