मप्र के कई शहरों में डीजल का शतक, जानें आज क्या है पेट्रोल- डीजल की कीमत

- डीजल के रेट में भी नहीं किया फेरबदल
- पेट्रोल के दाम में आज नहीं हुआ बदलाव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में पेट्रोल (Petrol) और डीजल (Diesel) दोनों की ही कीमतें आसमान पर जा पहुंची हैं। आलम यह है कि कई शहरों में दाम 120 रुपए के पार तक जा पहुंचे हैं। इनमें आर्थिक राजधानी मुंबई भी शामिल है। इसके अलावा राजस्थान के श्रीगंगानगर और मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी यही हाल है। यही नहीं मप्र के सभी 52 जिलों में अब डीजल भी 100 रुपए के पार जा चुका है। हालांकि राहत की बात यह कि, भारतीय तेल विपणन कंपनियों (IOC, HPCL and BPCL) ने आज (11 अप्रैल 2022, सोमवार) लगातार चौथे दिन रेट में कोई फेरबदल नहीं किया है।
आपको बता दें कि, वाहन ईंधन के दाम में यह बढ़ोतरी 22 मार्च से शुरू हुई थी, जिसके बाद से अब तक 10 रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि देखने को मिली है। आखिरी बार बुधवार को पेट्रोल-डीजल के दामों में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। स्थानीय टैक्स के आधार पर विभिन्न राज्यों और शहरों में पेट्रोल-डीजल के रेट्स अलग-अलग हैं।
फिलहाल जानते हैं आज के दाम...
ये भी पढ़ें:- आरबीआई ने लगातार 11वीं बार ब्याज दरों में नहीं किया कोई बदलाव
पेट्रोल की कीमत
इंडियन ऑयल (Indian Oil) की वेबसाइट के अनुसार आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 105.41 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं आर्थिक राजधानी में पेट्रोल 120.51 रुपए प्रति लीटर जा पहुंचा है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल के लिए 115.12 रुपए चुकाना होंगे। जबकि चैन्नई में पेट्रोल 110.85 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
डीजल की कीमत
बात करें डीजल की तो दिल्ली में कीमत 96.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं मुंबई में एक लीटर डीजल 104.77 रुपए में उपलब्ध होगा। कोलकाता में डीजल 99.83 प्रति लीटर है। जबकि चेन्नई में डीजल 100.94 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
ये भी पढ़ें:- अडानी समूह की 3 कंपनियों में 2 अरब डॉलर का निवेश करेगी अबू धाबी की कंपनी
ऐसे जानें अपने शहर में ईंधन की कीमत
पेट्रोल-डीजल की रोज की कीमतों की जानकारी आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल के उपभोक्ता को RSP लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। वहीं बीपीसीएल उपभोक्ता को RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर भेजना होगा, जबकि एचपीसीएल उपभोक्ता को HPPrice लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजना होगा, जिसके बाद ईंधन की कीमत की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Created On :   11 April 2022 9:29 AM IST